ऐशबाग में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 599 जर्जर जनता क्वार्टर जमींदोज, मलबे में तब्दील हुईं 10 लाइनें

भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में सोमवार सुबह प्रशासन और नगर निगम का बुलडोजर जमकर गरजा। यहां स्थित जर्जर हो चुके 599 ईडब्ल्यूएस जनता क्वार्टर को ध्वस्त करने की बड़ी कार्रवाई शुरू की गई। सुबह 6 बजे से शुरू हुई इस मुहिम में महज चार घंटे के भीतर करीब 90 फीसदी मकानों को ढहा दिया गया। किसी भी तरह के हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुबह ही एक कांग्रेस नेता को हिरासत में ले लिया और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया।
कार्रवाई को तेजी से पूरा करने के लिए प्रशासन ने मौके पर 10 पोकलेन मशीनें और दर्जनों बुलडोजर लगाए। भोपाल शहर वृत्त के एसडीएम लाखन सिंह चौधरी के अनुसार सुबह 10 बजे तक 90 प्रतिशत आवास लगभग 10 लाइनें पूरी तरह हटा दिए गए हैं और अब महज 10 फीसदी मकान ही बचे हैं, जिन्हें गिराने का काम जारी है। जहां कुछ घंटे पहले तक लोगों के आशियाने थे, वहां अब चारों तरफ सिर्फ मलबे का ढेर नजर आ रहा है।
10 साल पहले ही जानलेवा घोषित हो चुके थे भवन
नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार ऐशबाग के ये ईडब्ल्यूएस क्वार्टर पूरी तरह खंडहर में तब्दील हो चुके थे। निगम प्रशासन ने मई 2016 में ही इन सभी 600 भवनों को जर्जर और रहने के लिए जानलेवा घोषित कर दिया था। इसके बाद साल 2018 में भी नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अवैध कब्जेदारों ने इन्हें खाली नहीं किया था। एसडीएम चौधरी ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है, किसी तरह का विवाद नहीं है और लोगों ने अपनी सहमति से आवास खाली किए हैं।
इलाका सील, कांग्रेस नेता हिरासत में
सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर डीसीपी जोन-1 रश्मि अग्रवाल सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने जनता क्वार्टर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर बाहरी लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। कार्रवाई के दौरान विरोध प्रदर्शन या हंगामा न हो, इसके लिए पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को सुबह 8 बजे से ही हिरासत में ले लिया। शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने उन्हें सुबह से अशोका गार्डन थाने में बैठा रखा है।
दुकानदार परेशान
प्रशासन की इस कार्रवाई और बैरिकेडिंग का असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ा है। स्थानीय दुकानदार कमाल खान ने बताया कि सुबह से ही इलाके की दुकानें बंद करवा दी गई हैं और रास्ते भी ब्लॉक हैं, जिससे लोगों का कारोबार पूरी तरह ठप हो गया है और आम राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।



