भाऊखेड़ी जोड़ पर युवक के सिर में गोली मारकर हत्या का आरोप, मौत के बाद इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर चक्काजाम

सीहोर। इछावर थाना अंतर्गत भाऊखेड़ी के पास शनिवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सचिन वर्मा के रूप में हुई है। परिजन का आरोप है कि युवक के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की गई है। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने रविवार सुबह इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर थाने के पास चक्काजाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गोली मारकर हत्या का है या सडक़ हादसे का, इसकी स्पष्ट पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार सचिन वर्मा शनिवार रात बाइक से किसी काम के सिलसिले में भाऊखेड़ी जोड़ गया था। बताया जा रहा है कि वहां पहले से कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। सचिन वहां रुककर विवाद देखने लगा। परिजन के अनुसार इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली चला दी, जो सचिन के सिर में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। विवाद किस बात को लेकर हो रहा था और गोली किसने चलाई, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
सुबह सडक़ पर उतरे परिजन, भारी पुलिस बल तैनात
सचिन की मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। रविवार सुबह गुस्साए लोगों ने इछावर-नसरुल्लागंज मुख्य मार्ग पर थाने के नजदीक चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे परिजन ने मामले में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया। नसरुल्लागंज, आष्टा, सीहोर और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल इछावर थाने बुलाया गया और मौके पर तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
मामले को लेकर एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे का कहना है कि घटना के संबंध में दो तरह की बातें सामने आ रही हैं। यह मामला गोली मारकर हत्या का है या फिर सडक़ हादसे का, इसकी वास्तविक स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।



