पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

जनजातीय समाज को गौरव और सम्मान दिलाने के मिशन पर सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक होंगे भव्य राज्यस्तरीय आयोजन

भोपाल। मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज के उत्थान और उनके महानायकों को वास्तविक सम्मान दिलाने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार 14 से 16 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी जनजातीय गौरव दिवस को पूरे प्रदेश में भव्य उत्सव के रूप में मनाने जा रही है। प्रदेश के विशाल भौगोलिक क्षेत्र को देखते हुए सीएम डॉ. यादव ने इस महोत्सव को किसी एक स्थान तक सीमित रखने के बजाय तीन प्रमुख अंचलों महाकौशल जबलपुर, मालवा धार और निमाड़ खंडवा में आयोजित करने का निर्णय लिया है।
मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं इस महाअभियान की विस्तृत रूपरेखा सामने रखी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम भी मौजूद रहे।
कांग्रेस की नीति पर सीएम डॉ. यादव का सीधा प्रहार
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय कल्याण को लेकर अपनी सरकार का विजन स्पष्ट करते हुए कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। सीएम ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की मूल सोच में बड़ा फर्क है। कांग्रेस ने दशकों तक जनजातीय समाज को केवल एक तारीख और आदिवासी दिवस के दायरे में बांधकर रखा, जबकि उनकी सरकार जनजातीय जननायकों को उनके असली नाम, जन्म जयंती और बलिदान दिवस के गौरव के साथ पूरे सम्मान से समाज के सामने ला रही है।
सीएम के नेतृत्व में तीन दिन, तीन अंचलों में गूंजेगा जनजातीय गौरव
14 नवंबर जबलपुर: उत्सव का आगाज गोंडवाना साम्राज्य के केंद्र और वीरांगना रानी दुर्गावती की राजधानी रहे जबलपुर से होगा।
15 नवंबर धार: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के मुख्य दिन सीएम डॉ. यादव धार में आयोजित भव्य समारोह और रोड शो में शामिल होंगे। इस दौरान वे डही में नर्मदा जल से जुड़ी लगभग 2500 करोड़ रुपए की बड़ी सिंचाई परियोजना का लोकार्पण कर धार और अलीराजपुर के 300 गांवों को सिंचाई की सौगात देंगे।
16 नवंबर खंडवा: तीसरे और अंतिम दिन निमाड़ अंचल के खंडवा में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के साथ इस तीन दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
युवाओं को जोडऩे के लिए सीएम की नई पहल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई पीढ़ी को जनजातीय इतिहास से जोडऩे के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, दर्शन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर शोध पीठ स्थापित की जाएगी। साथ ही प्रमुख शहरों की सडक़ों, भवनों, चौराहों व पार्कों का नामकरण जनजातीय क्रांतिवीरों के नाम पर करने और उनकी प्रतिमाएं लगाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अलावा स्वीकृत जनजातीय संग्रहालयों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की जाएगी और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए मोबाइल जनजातीय म्यूजियम शुरू करने पर भी विचार हो रहा है। आयोजनों के दौरान शिक्षा, रोजगार और आजीविका से जुड़ी नई सौगातें भी दी जा सकती हैं।
89 विकासखंडों और भाजपा एसटी मोर्चा का व्यापक जनसंपर्क
सीएम की मंशा के अनुरूप 12 से 20 नवंबर तक सरकार और संगठन मिलकर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम चलाएंगे। प्रदेश के सभी 89 जनजातीय विकासखंडों के स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में प्रार्थना सभाओं व संवाद सत्रों के जरिए विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह की शौर्य गाथाएं बताई जाएंगी व साहित्य बांटा जाएगा।
वहीं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा 12-13 नवंबर को तैयारियां पूरी कर 14 नवंबर को हर विधानसभा के दो प्रमुख देवस्थानों व प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान और दीप प्रज्ज्वलन करेगा। 15 नवंबर को जिला स्तरीय समारोह, 16-17 नवंबर को छात्रावासों में युवा संवाद तथा 18 से 20 नवंबर तक सांसद, विधायक और पदाधिकारी गांव-गांव में जनजाति गौरव चौपाल लगाएंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!