सीएम डॉ. यादव बोले, भारत ने पाकिस्तान में घुसकर तबाह किए आतंकी ठिकाने

भोपाल। मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में भव्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सीएम डॉ. मोहन ने अपने संबोधन में देश की सुरक्षा और पाकिस्तान पर करारे प्रहार का जिक्र करते हुए बड़ा बयान दिया, वहीं बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर की धमाकेदार प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश के वीर जवानों की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान में तीन बार घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को पूरी तरह तबाह किया है। हमारे वीर जवानों ने हमेशा पाकिस्तानी दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
इसके साथ ही सीएम मोहन ने एक बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि आगामी 15 जनवरी को भोपाल में भव्य सेना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष रूप से शामिल होंगे। प्रदेश की तरक्की का जिक्र करते हुए उन्होंने गर्व से कहा कि मध्य प्रदेश आज दूध उत्पादन के मामले में देश में तीसरे स्थान पर है और हमारा अगला लक्ष्य राज्य को इस क्षेत्र में पहले नंबर पर लाना है।
मोनाली ठाकुर के गानों पर झूमे लोग
समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं मशहूर बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर। उन्होंने अपनी जादुई आवाज से मंच पर समां बांध दिया। मोनाली ने अल्लाह दुहाई है, बलम पिचकारी और लडक़ी आंख मारे जैसे सुपरहिट गाने गाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस दौरान जब उन्होंने ओ गाड़ा करे गाया तो वे मंच से सीधे उतरकर ऑडियंस के बीच पहुंच गईं। माहौल तब और खुशनुमा हो गया जब उन्होंने मशहूर गाने के बोल बदलते हुए दिल ले गई कुड़ी भोपाल दी गाया। उनकी इस शानदार परफॉर्मेंस पर दर्शक इतने उत्साहित हुए कि उन्होंने खुशी में कुर्सियों के कवर तक हवा में उछाल दिए। कार्यक्रम के अंत में एमपी के स्थापना दिवस पर जमकर आतिशबाजी की गई।
क्विज विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट और चेक बांटे गए
समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। क्विज प्रतियोगिता के मुख्य विजेता को एक ट्रैक्टर और 7.26 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा सुहानी राजपूत को बुलेट और छात्रा अक्षरा गोस्वामी को एक लाख रुपये का नकद चेक देकर सम्मानित किया गया।



