पत्रकार के हाथ से डेढ़ लाख का आईफोन छीनकर भागे बदमाश

भोपाल। राजधानी के शाहपुरा थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक पत्रकार को ही अपना निशाना बना लिया। रविवार शाम घर के पास टहलते हुए फोन पर बात कर रहे एक न्यूज एजेंसी के पत्रकार के हाथ से बाइक सवार दो बदमाश डेढ़ लाख रुपये कीमत का महंगा मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पत्रकार संदीप सिंह शाहपुरा इलाके में ही रहते हैं। रविवार शाम वह अपने घर के पास टहलने गए थे। टहलने के बाद जब वह मुख्य सडक़ से अपने घर की तरफ लौट रहे थे, उसी दौरान उनके मोबाइल पर किसी का कॉल आ गया।
वह सडक़ पर चलते हुए फोन पर बात कर रहे थे, तभी पीछे से एक बाइक पर दो शातिर बदमाश आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने चलती बाइक से ही झपट्टा मारकर उनके हाथ से डेढ़ लाख का फोन छीन लिया। इससे पहले कि संदीप सिंह कुछ समझ पाते या शोर मचाते, दोनों बदमाश तेज रफ्तार में बाइक भगाकर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मु मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
हालांकि कैमरा कुछ दूरी पर होने के कारण बदमाशों के चेहरे और बाइक का नंबर पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अब मुख्य मार्ग और आरोपियों के भागने वाले संभावित रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।



