ग्वालियर में काल बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रक, शीतला माता मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं को कुचला, 14 की मौत, 40 से अधिक घायल

भोपाल। ग्वालियर के आंतरी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर परिसर के बाहर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे एक हृदयविदारक हादसा हो गया। मंदिर के सामने ढलान पर खड़े एक ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर नीचे दर्शन के लिए खड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और आसपास की दुकानों में जा घुसा। इस खौफनाक हादसे में 14 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
#GwaliorNews
हादसे की खबर मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अमले को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए राज्य सरकार की ओर से बड़ी आर्थिक सहायता की घोषणा की,जिसमें मृतकों के परिजनों को 4 लाख 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता। गंभीर घायलों को 2 लाख 20 हजार लाख रुपये की मदद। सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनका इलाज पूरी तरह निरूशुल्क किया जाए।
दो मंत्रियों को मौके पर पहुंचने के दिए निर्देश
हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर के अलावा शिवपुरी और श्योपुर जिले के रहने वाले हैं। पीडि़त परिवारों को तत्काल हर संभव सहायता मुहैया कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने कैबिनेट मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को तुरंत ग्वालियर पहुंचने के निर्देश जारी किए।
बाबा महाकाल से की प्रार्थना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
क्रेन से हटाया गया ट्रक
हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार और अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर आंतरी थाना पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को हटाकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। कलेक्टर रुचिका चौहान, एसएसपी धर्मवीर सिंह और जयारोग्य अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना लगातार राहत कार्य और घायलों के इलाज पर नजर बनाए हुए हैं। हादसे में मंदिर सुरक्षा में तैनात एसएएफ के दो जवान भी घायल हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और मौके से फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।



