पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

दिग्विजय की सनातन स्वाभिमान पदयात्रा का जारी हुआ 930 किमी का रूट

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की आगामी 20 अक्टूबर विजयादशमी से शुरू होने वाली सनातन स्वाभिमान पदयात्रा का विस्तृत रूट चार्ट जारी कर दिया गया है। यात्रा प्रभारी सचिन वत्स ने मार्ग की आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह यात्रा धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित भगवान महाकालेश्वर मंदिर से शुरू होकर लगभग 930 किलोमीटर का सफर तय करते हुए भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या पहुंचेगी।
यात्रा प्रभारी के अनुसार उज्जैन से अयोध्या तक का यह सफर केवल दूरी तय करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रास्ते में पडऩे वाले दर्जनों गांवों, कस्बों और शहरों में आम जनता और सनातन धर्मावलंबियों से संवाद स्थापित करना भी इसका मुख्य हिस्सा होगा।
शिवधाम से रामधाम तक की पदयात्रा
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस आयोजन को उज्जैन के शिवधाम से अयोध्या के रामधाम तक की आध्यात्मिक यात्रा करार दिया है। वे पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह पूरी तरह से गैर-राजनीतिक यात्रा है, जिसका मुख्य उद्देश्य धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति से जुड़े विषयों पर जन साधारण के बीच जनजागरण फैलाना है।
इन प्रमुख शहरों से गुजरेगी यात्रा
विजयादशमी के शुभ अवसर पर महाकाल की नगरी से रवाना होने के बाद यात्रा तराना, शाजापुर, सारंगपुर, खुजनेर, राजगढ़, चाचौड़ा, आरोन, अशोकनगर, चंदेरी, तालबेहट, जेरोन और धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचेगी। गुना जिले में यह यात्रा विशेष रूप से चांचौड़ा, राघौगढ़ और आरोन विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
मध्य प्रदेश के ओरछा में दर्शन-पूजन के बाद यात्रा उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी। इसके बाद चिरगांव, उरई, कालपी, कानपुर देहात, लखनऊ देहात और बाराबंकी होते हुए अंतिम पड़ाव अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा का औपचारिक समापन अयोध्या में रामलला के दर्शन और पूजा अर्चना के साथ होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!