पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

सीएम डॉ. मोहन यादव आज मंडला दौरे पर, तेंदूपत्ता संग्राहकों को देंगे बोनस सौगात, 9 लाख से अधिक ग्रामीणों को मिलेगा फायदा

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 4 अक्टूबर को मंडला जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान सीएम डॉ. यादव प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों और वन समितियों के सदस्यों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए आयोजित प्रशिक्षण सह जागरूकता एवं बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे और करोड़ों रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में जारी करेंगे।
वनोपज से जुड़े परिवारों के परिश्रम का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 लाख 4 हजार 126 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36 करोड़ 17 लाख 37 हजार 518 रुपये की बोनस राशि वितरित करेंगे। इस योजना और प्रोत्साहन राशि से पूर्वी मध्य प्रदेश और महाकौशल क्षेत्र के 8 जिलों के संग्राहक लाभान्वित होंगे। इनमें शामिल मुख्य वन मण्डल हैं…
पूर्व मण्डला व पश्चिम मण्डला
डिण्डोरी व जबलपुर
उत्तर सिवनी व दक्षिण सिवनी
उत्तर बालाघाट व दक्षिण बालाघाट

84 वन समितियों को 26.56 करोड़ रुपये का काष्ठ लाभांश
तेंदूपत्ता बोनस के अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूर्व और पश्चिम मण्डला की 84 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख 53 हजार 929 रुपये का काष्ठ लाभांश भी सौंपेंगे। सरकार का मुख्य उद्देश्य जंगलों और वनोपज पर निर्भर आदिवासी एवं ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना और उनके हितों की रक्षा करना है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 3 किमी दायरा नो फ्लाइंग जोन घोषित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन और सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर दिए हैं। ग्राम आमानाला स्थित हेलीपैड और संपूर्ण कार्यक्रम स्थल से 3 किलोमीटर की परिधि में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और किसी भी प्रकार के फ्लाइंग ऑब्जेक्ट के उडऩे पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। शासकीय ड्रोन और एटीसी से स्वीकृत फ्लाइट्स को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिनट टू मिनट कार्यक्रम
दोपहर 2.30 बजे: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीकॉप्टर द्वारा मंडला स्थित आमानाला हेलीपैड पहुंचेंगे।
दोपहर 2.35 से शाम 4.45 बजे: स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस एवं काष्ठ लाभांश का वितरण करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
शाम 4.50 बजे: कार्यक्रम समापन के बाद सीएम डॉ. यादव मंडला से जबलपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!