प्रशासनमध्यप्रदेश

मानसूनी बादल बाय-बाय, पर अक्टूबर में गर्मी छुड़ाएगी पसीने

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसूनी बादलों ने अपने झोले-बस्ते समेट लिए हैं और आधिकारिक रूप से विदाई ले ली है। इस साल 24 जून को प्रवेश करने के बाद मानसून पूरे 100 दिनों तक प्रदेश में सक्रिय रहा और 3 अक्टूबर को अलविदा कह गया। मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। आने वाले दिनों में लोगों को दिन में तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जबकि रातों में हल्की ठंडक महसूस होगी।
बता दें 24 जून को मध्य प्रदेश में दस्तक देने के बाद मानसून ने महज 9 दिनों के भीतर पूरे प्रदेश को कवर कर लिया था। इस मानसूनी सीजन के दौरान जून में 6 दिन, जुलाई और अगस्त में पूरे 31-31 दिन, सितंबर में 30 दिन और अक्टूबर के शुरुआती 2 दिनों तक बारिश का दौर बना रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस सीजन में प्रदेश में कुल 35ण्8 इंच बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश के आंकड़े से लगभग 4 प्रतिशत कम है।
पूर्वी हिस्से में मेहरबानी, पश्चिमी मध्य प्रदेश रहा प्यासा
इस मानसूनी सीजन में बारिश का वितरण काफी असमान रहा। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभागों में इंद्रदेव की विशेष मेहरबानी रही। यहां औसत कोटे से 4 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई। जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में मानसून थोड़ा सुस्त रहा, जिससे यहां औसत से 12 फीसदी कम पानी गिरा। प्रदेश के 25 जिलों ने अपना बारिश का कोटा पूरी तरह हासिल कर लिया, जबकि 30 जिलों में बारिश का कोटा अधूरा रह गया।
अक्टूबर में दिखेगा मौसम का डबल रोल
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की विदाई के बाद अब मौसम एक नए चरण में प्रवेश कर गया है। अक्टूबर के इस महीने में मौसम का डबल रोल देखने को मिलेगा। दिन के समय तेज और तीखी धूप खिली रहेगी, जिससे गर्मी का अहसास होगा और पसीने छूटेंगे। वहीं रात के समय न्यूनतम तापमान घटकर 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना है, जिससे हल्की गुलाबी ठंडक की शुरुआत हो जाएगी।
7 अक्टूबर को फिर हो सकती है रिमझिम
यद्यपि मुख्य मानसून विदा हो चुका है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि बारिश पूरी तरह थम गई है। अगस्त और सितंबर जैसी मूसलाधार बारिश तो नहीं होगी, लेकिन स्थानीय सिस्टम के कारण हल्की बूंदाबांदी का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 अक्टूबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!