सीएम डॉ. यादव ने पीएम मोदी से की भेंट दिया ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 का न्योता

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाकात की और राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, औद्योगिक प्रगति और निवेश के अवसरों पर प्रधानमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाले भव्य ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का विशेष निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में निवेश-अनुकूल माहौल तैयार करने, औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार करने और युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
सुगम परिवहन सेवा और सेवा संकल्प अभियान की दी जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की महत्वाकांक्षी पहलों से प्रधानमंत्री को अवगत कराया, जिसमें मुख्यमंत्री ने नागरिकों को सहज, सस्ती और सुरक्षित आवागमन की सुविधाएं प्रदान करने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में आयोजित किए गए जनसेवा, सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी के कार्यक्रमों का ब्योरा साझा किया।
मध्यप्रदेश की विकास यात्रा को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की यह बैठक राज्य में बड़े निवेश को आकर्षित करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार केंद्र की नीतियों के अनुरूप मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।



