इंदौर में राहुल गांधी का जेन-जी संवाद… अब भोपाल में शुरू हुआ आरएसएस का महासंगम

भोपाल. मध्य प्रदेश में इस वक्त सियासी और सामाजिक सरगर्मियां चरम पर हैं. एक तरफ जहां कल आर्थिक राजधानी इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में जेन-जी यानी युवा पहुंचे और संवाद का दौर चला… वहीं दूसरी तरफ अब राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य आयोजन शुरू हो चुका है. संघ अपने शताब्दी वर्ष के मौके पर शक्ति और अनुशासन का महाप्रदर्शन कर रहा है. भोपाल का ऐतिहासिक लाल परेड ग्राउंड इस वक्त हजारों स्वयंसेवकों की अनुशासित मौजूदगी से गूंज रहा है.
बता दें लाल परेड ग्राउंड से अनुशासनए देशभक्ति और सेवा भावना का अद्भुत नजारा दिखना शुरू हो गया है. संघ के शताब्दी वर्ष के इस बड़े आयोजन में भोपाल विभाग के 5 जिलों से पहुंचे करीब 30 हजार स्वयंसेवक एक ही गणवेश में, एक ही ताल में कदम से कदम मिला रहे हैं.
आयोजन की शुरुआत के साथ ही संघ की दैनिक शाखाओं का वृहद और सशक्त स्वरूप प्रत्यक्ष रूप से समाज के सामने आ चुका है. मंच पर संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य रूप से मौजूद हैं.
बता दें संघ के शताब्दी वर्ष का औपचारिक आगाज विजयादशमी से हुआ था और आज भोपाल के इस भव्य मंच से संघ के 100 वर्षों के योगदान को सामने रखा जा रहा है. गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठियों के सफल दौर के बाद, अब इस शुरू हुए कार्यक्रम में संघ का मुख्य जोर पंच परिवर्तन के संदेश पर है.
5 बड़े संकल्पों को अपनाने का आह्वान
1. सामाजिक समरसता: भेदभाव मुक्त और एकजुट समाज
2. कुटुंब प्रबोधन: पारिवारिक और नैतिक मूल्यों की रक्षा
3. पर्यावरण संरक्षण: प्रकृति और हरियाली का जतन
4. स्वबोध: अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान पर गर्व
5. नागरिक कर्तव्य: राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की जिम्मेदारी
बता दें आज सुबह से ही राजधानी में हलचल तेज थी. सुबह 10 बजे समाज सेवा न्यास में केंद्रीय संस्थानों के युवाओं के साथ विशेष संवाद संपन्न हुआ, जहां राष्ट्र निर्माण पर गंभीर चर्चा हुई और अब लाल परेड ग्राउंड में हजारों स्वयंसेवकों का यह अनुशासित एकत्रीकरण पूरी भव्यता के साथ शुरू हो चुका है, जो संघ के सामाजिक कार्यों और आगामी संकल्पों का एक नया स्वर्णिम अध्याय लिख रहा है.



