भावुक हुए विधायक सुदेश राय, फैलाए हाथ, मांगी मदद…

सीहोर। राजनीति में अक्सर नेताओं के कड़े और सख्त तेवर देखने को मिलते हैं, लेकिन जब किसी मासूम की जिंदगी और मौत की जंग के सामने एक जन प्रतिनिधि भावुक होकर हाथ फैला दे तो वह पल हर किसी का दिल झकझोर देता है। ऐसा ही एक मार्मिक नजारा सीहोर में देखने को मिला, जहां सीहोर विधानसभा सीट से विधायक सुदेश राय एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे छोटे से बच्चे ऋषि की पीड़ा देखकर खुद को रोक नहीं पाए और सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर आम जनता से मदद की गुहार लगाई।
विधायक सुदेश राय का यह करुणामयी अंदाज देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। वीडियो में विधायक केवल एक जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक संवेदनशील अभिभावक की तरह भरे हुए गले से जनता के सामने हाथ जोड़ते नजर आए।
इस मासूम के लिए आगे आएं
सोशल मीडिया पर जारी अपने इस भावुक संदेश में विधायक सुदेश राय ने कहा यह प्यारा सा बच्चा ऋषि है, जो अत्यंत गंभीर बीमारी से ग्रसित है। इसके इलाज और बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन (मेलो-ट्रांसप्लांटेशन) के लिए बहुत बड़ी धनराशि की आवश्यकता है जो इस परिवार के वश में नहीं है। मैं आप सभी समाजसेवियों और आम नागरिकों से हाथ जोडक़र निवेदन करता हूं कि इस पुनीत कार्य में अपनी स्वेच्छा से आगे आएं और बच्चे को नया जीवन देने में मदद करें।
विधायक सुदेश राय ने भावुक होते हुए आगे कहा कि वे इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर निवेदन करेंगे, ताकि सरकार की ओर से भी इस मासूम के इलाज के लिए अधिक से अधिक और सहायता मंजूर कराई जा सके।
इछावर के बिशनखेड़ा का रहने वाला है मासूम ऋषि
बता दें गंभीर बीमारी से जूझ रहा नन्हा ऋषि इछावर विधानसभा क्षेत्र की दुर्गपुरा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले छोटे से गांव बिशनखेड़ा का निवासी है। डॉक्टरों के अनुसार उसके इलाज के लिए बेहद खर्चीली और जटिल प्रक्रिया से गुजरना होगा। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे इतना बड़ा खर्च वहन कर सकें।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
विधायक सुदेश राय की इस भावुक अपील का असर अब व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही सीहोर और आसपास के क्षेत्रों के लोग, समाजसेवी संस्थाएं और आम नागरिक अपनी-अपनी सामथ्र्य के अनुसार आर्थिक मदद के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं।



