क्या सच होगी इमरती देवी की चुटकी…सीएम ने भी की यह घोषणा

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का अंतिम दिन बेहद दिलचस्प रहा। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के विकास और भावी योजनाओं का पूरा रोडमैप सामने रखा, वहीं दूसरी तरफ पूर्व मंत्री इमरती देवी और वर्तमान राज्य मंत्री कृष्णा गौर के बीच की एक अनौपचारिक बातचीत ने पूरे हॉल का ध्यान खींच लिया।
बता दें बैठक के दौरान पूर्व मंत्री इमरती देवी और मंत्री कृष्णा गौर का एक अनूठा वीडियो सामने आया है। वीडियो में इमरती देवी बेहद आत्मीय अंदाज में कृष्णा गौर से कहती दिख रही हैं मंत्री जी, बड़े दिनों में मिली हो। मैं तो कहती हूं कि रामराजा आपको मुख्यमंत्री बना दें। उनकी यह बात सुनकर कृष्णा गौर पहले कुछ पल के लिए ठिठकीं, फिर दोनों ने एक-दूसरे को मुस्कुराते हुए गले लगाया और आगे बढ़ गईं। इस अनौपचारिक बातचीत ने सियासी गलियारों में एक नई चर्चा छेड़ दी है।
2027 महिलाओं को समर्पित
कार्यसमिति को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के आगामी वर्षों का खाका पेश किया। उन्होंने घोषणा की कि मध्यप्रदेश सरकार साल 2027 को महिला सशक्तिकरण वर्ष के रूप में मनाएगी।
2027: महिला सशक्तिकरण एवं कल्याण वर्ष
सीएम ने साफ किया कि 2027 में सरकार का पूरा फोकस महिलाओं को सिर्फ वित्तीय मदद देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोडऩे वाली योजनाओं पर जोर दिया जाएगा।
70 प्रतिशत चुनावी वादे पूरे
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2023 के संकल्प पत्र के 70 प्रतिशत वादे पूरे किए जा चुके हैं और बाकी बचे वादे 2028 के चुनाव से पहले पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 1.25 करोड़ महिलाओं को 55 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि बांटी जा चुकी है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर वर्ग संघर्ष और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि स्वतंत्रता से पहले देश का लक्ष्य आजादी था और आज विकसित भारत है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक सफर को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का प्रतीक बताया।



