प्रशासनमध्यप्रदेश

जिपं. सीईओ ने किया जमोनिया मत्स्य बीज प्रक्षेत्र का निरीक्षण, दिए उत्पादन बढ़ाने के निर्देश

सीहोर। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सर्जना यादव ने जमोनिया जामुनिया मत्स्य बीज प्रक्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय नर्सरी और चाइनीज हैचरी में चल रहे मछली बीज उत्पादन कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और विभागीय अधिकारियों को उत्पादन की क्षमता और गुणवत्ता में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के स्थानीय मत्स्य पालकों को बेहतर गुणवत्ता का मछली बीज समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर बीज मिलने से स्थानीय किसानों और पशुपालकों को निजी या बाहरी स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे जिले में मत्स्य पालन उद्योग को नई गति मिलेगी।
सीईओ ने मत्स्य बीज उत्पादन में आधुनिक और उन्नत तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से अधिक से अधिक उत्पादन संभव हो सकेगा, जिससे सीहोर जिला मत्स्य बीज उत्पादन के क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर बन सकेगा।
शासकीय दरों पर उपलब्ध है मछली बीज
निरीक्षण के दौरान मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि विभागीय प्रक्षेत्र जमोनिया में उन्नत किस्म का मछली बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जिले के इच्छुक मत्स्य कृषक और किसान सीधे मत्स्य विभाग से संपर्क करके निर्धारित शासकीय दरों पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। इससे न केवल मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि किसानों की आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। जमोनिया प्रक्षेत्र के इस निरीक्षण के अवसर पर मत्स्य विभाग के सहायक संचालक प्रशांत हर्ष, बीएम सिंह सिसोदिया, उमराव सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!