पॉलिटिकल तड़काप्रशासनमध्यप्रदेश

स्लीमनाबाद टनल पांच जिलों के लिए बनेगी अमृतधारा, 100 साल तक रहेगी सुरक्षित: सीएम डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कटनी जिले में 1600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार हुई ऐतिहासिक स्लीमनाबाद टनल का निरीक्षण किया। टनल के अवलोकन के बाद स्लीमनाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य क्षेत्र के लिए यह टनल किसी वरदान से कम नहीं है। यह टनल कटनी, रीवा, सतना, मैहर और पन्ना जिलों के लिए अमृतधारा साबित होगी, जिससे विंध्य और बुंदेलखंड के इन पांच जिलों में ढाई लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ेगा और पेयजल संकट का स्थायी समाधान होगा।
सीएम डॉ. यादव ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने इसके लिए लगभग 275 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की है। 12 किलोमीटर लंबी यह टनल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक केस स्टडी बनेगी। 120 फीट तक की गहराई पर बनी यह टनल इतनी मजबूत है कि भीषण भूकंप आने पर भी अगले 100 साल तक पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
गंगा बेसिन में हरियाली लाएगी मां नर्मदा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसे विज्ञान का चमत्कार बताते हुए कहा कि आमतौर पर नर्मदा नदी खंभात की खाड़ी में मिलती है, लेकिन इस ऐतिहासिक टनल के माध्यम से अब मां नर्मदा गंगा बेसिन में सोन नदी के आसपास के अंचल को भी हरा-भरा करेंगी। उन्होंने कहा कि एक समय इस टनल का निर्माण असंभव लग रहा था, क्योंकि खुदाई के दौरान बार-बार कठिन चट्टानों की चुनौतियां आ रही थीं। लेकिन सरकार के दृढ़ संकल्प और इंजीनियरों, तकनीशियनों व हजारों श्रमिकों की अथक मेहनत से वर्ष 2026 में यह ऐतिहासिक सफलता हासिल हुई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि टनल के ऊपर से कटनी नदी बहेगी और नीचे से नर्मदा का जल प्रवाहित होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इस पूरी परियोजना से कोई पर्यावरणीय या संरचनात्मक क्षति नहीं हुई है।
पंजाब-हरियाणा को पीछे छोड़ेगा बघेलखंड-बुंदेलखंड
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से एक बेहद भावुक और महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने कहा किसान भाई किसी भी कीमत पर अपनी जमीन न बेचें। नर्मदा का पानी आने के बाद यह क्षेत्र कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ देगा। इससे क्षेत्र से होने वाला पलायन रुकेगा और आर्थिक समृद्धि आएगी।
सीएम ने जानकारी दी कि आगामी तीन महीनों में रबी की फसल के लिए किसानों को एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद वीडी शर्मा, सांसद गणेश सिंह सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!