मध्यप्रदेश

एमपी के मौसम में ‘डबल ट्रफ’ का खेल, कहीं आंधी-बारिश की ठंडक तो कहीं गर्मी का तीखा वार

भोपाल. नौतपा से ठीक पहले मई के महीने में मध्य प्रदेश का मौसम दो ध्रूवों में बंट गया है. प्रदेश के आधे हिस्से में भीषण गर्मी और लू का सितम जारी है, वहीं आधा हिस्सा आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण ठंडक महसूस कर रहा है. मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के ऊपर से दो ट्रफ लाइनें गुजर रही हैं और ऊपरी हिस्से में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसकी वजह से मौसम का यह अनूठा मिजाज देखने को मिल रहा है.
आमतौर पर मई की शुरुआत में राजस्थान से आने वाली गर्म हवाएं प्रदेश को तपाती हैं, लेकिन इस बार वेस्टर्न डिस्टरबेंस और चक्रवाती गतिविधियों ने गर्मी के तेवर नरम कर दिए हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के बीचों-बीच से गुजर रही ट्रफ लाइनों के कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आ रही है, जिससे बादलों की आवाजाही और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही हैं.
आज इन जिलों में ‘येलो अलर्ट’
मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के इन जिलों में असर दिखेगा, जिनमें नर्मदापुरम संभाग के बैतूल और नर्मदापुरम. महाकौशल के छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी. विंध्य व अन्य जिलों में अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सिंगरौली और सीधी शामिल हैं. इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
45 से सीधे 36 डिग्री पर पहुंचा पारा
अप्रैल के आखिर में जो पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था, वह अब गिरकर 40 के नीचे आ गया है। शुक्रवार के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे गर्म रतलाम रहा, तापमान 43.5 दर्ज किया गया, जबकि शाजापुर 42.6, और धार 41.7, वहीं सीधी में पारा गिरकर 36 डिग्री तक पहुंच गया है, जो मई के हिसाब से काफी कम है. गुनाए खंडवा, खरगोन और नरसिंहपुर में पारा अभी भी 41 डिग्री के आसपास बना हुआ है, लेकिन शेष जिलों में यह 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया.
मई के पहले पखवाड़े में राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात और ट्रफ का यह असर आने वाले कुछ दिनों तक बना रह सकता है. इससे उन लोगों को बड़ी राहत मिली है जो भीषण लू की आशंका जता रहे थे. हालांकि वातावरण में नमी बढऩे से उमस की समस्या भी बढ़ सकती है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!