एसपी सोनाक्षी सक्सेना का थानों में आधी रात को छापा

सीहोर। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने एक बड़ी कार्रवाई की है। एसपी श्रीमती सक्सेना ने गत रात्रि जिले के तीन थानों दोराहा, श्यामपुर और इछावर का औचक निरीक्षण किया। आधी रात को अचानक एसपी के थानों में पहुंचने से हडक़ंप मच गया। इस दौरान उन्होंने रात्रि गश्त, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीएनएस संचालन, रिकॉर्ड के रख रखाव, साफ सफाई और लंबित अपराधों के निराकरण की जमीनी हकीकत को देखा और प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए।
एसपी श्रीमती सक्सेना ने तीनों थानों में अलग-अलग समय पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया…
1. थाना दोराहा: रात 12.00 बजे सुरक्षा और सीसीटीवी की जांच
पुलिस अधीक्षक सबसे पहले रात ठीक 12.00 बजे दोराहा थाना पहुंची। यहां उन्होंने थाने की सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
सुरक्षा एवं तकनीकी समीक्षा: उन्होंने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के सुचारु संचालन की जांच की और सीसीटीएनएस संचालन की स्थिति को देखा।
मुस्तैदी के निर्देश: एसपी ने रात्रि गश्त में तैनात पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी के साथ क्षेत्र में पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए ताकि आपराधिक गतिविधियों पर रोक लग सके। इसके साथ ही उन्होंने थाने में लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
2. थाना श्यामपुर: रात 01.30 बजे बीट प्रणाली और रिकॉर्ड का निरीक्षण
दोराहा के बाद एसपी श्रीमती सक्सेना रात 01.30 बजे श्यामपुर थाना पहुंची, जहां उन्होंने माइक्रो बीट सिस्टम प्रणाली की समीक्षा की, ताकि थाना क्षेत्र के असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों पर सतत और प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
सफाई और जब्ती माल: एसपी ने थाने के रिकॉर्ड और साफ सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड के बेहतर रख-रखाव और थाने परिसर को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित अपराधों एवं थानों में रखे जब्ती माल के शीघ्र निपटारे की बात कही।
3. थाना इछावर: तडक़े 03.00 बजे रिकॉर्ड पर असंतोष और चालान की समीक्षा
निरीक्षण के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक तडक़े 3.00 बजे इछावर थाना पहुंची यहां उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।
लापरवाही पर असंतोष: इछावर थाने में फाइलों के रख रखाव और रिकॉर्ड संधारण का निरीक्षण करने पर एसपी ने कड़ा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने थाना प्रभारी को फटकार लगाते हुए रिकॉर्ड को शीघ्र सुव्यवस्थित करने के कड़े निर्देश दिए।
केस पेंडेंसी पर सख्ती: एसपी ने थाने में लंबित अपराध, चालान, मर्ग और आम जनता की शिकायतों के निराकरण की स्थिति देखी। उन्होंने साफ लहजे में हिदायत दी कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से पेंडिंग नहीं रहना चाहिए।
एक्शन मोड में कप्तान
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में सक्रिय गुंडे-बदमाशों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने ई-साक्ष्य एप्लीकेशन के उपयोगए वीसीएनबी टीप और तकनीकी पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।



