रिटायर्ड आईएएस की बेरहमी से हत्या…

भोपाल। राजधानी के अति-सुरक्षित व पॉश इलाके सूरजनगर में बुधवार तडक़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके ही घर में गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे ने न केवल कत्ल की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि सबूत मिटाने की नीयत से रसोई में एलपीजी गैस सिलेंडर का पाइप निकालकर पूरे घर को उड़ाने की खौफनाक साजिश भी रची। घटना के बाद से पूरे प्रशासनिक महकमे और पुलिस प्रशासन में हडक़ंप मच गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। आरोपी का मकसद सिर्फ हत्या करना नहीं था, बल्कि वह पूरे अपराध के साक्ष्य मिटाना चाहता था। वारदात के बाद आरोपी ने रसोई में रखे एलपीजी सिलेंडर का पाइप निकाल दिया, जिससे कुछ ही देर में पूरे घर में एलपीजी गैस भर गई। आरोपी की योजना थी कि कोई भी स्विच चालू होते ही या छोटा सा स्पार्क मिलते ही पूरे घर में धमाका हो जाए और आग में सब कुछ जलकर खाक हो जाए।
सुबह 5.30 बजे खुला राज, बाहर से बंद था मुख्य द्वार
घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस वक्त हुआ जब मृतक राकेश अग्रवाल की पत्नी सुबह करीब 5.30 बजे मॉर्निंग वॉक पर जाने के लिए उठीं। उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद है। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने दूसरे नौकर राजन थापा को फोन करके बुलाया और दरवाजा खुलवाया। जब वह पति राकेश अग्रवाल के कमरे में गईं, तो फर्श पर उनका खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। उनके गले पर किसी धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे।
दो दिन पहले पंजाब से आया केयरटेकर
रातीबड़ पुलिस की प्राथमिक जांच में हत्या का सीधा शक महज दो दिन पहले काम पर रखे गए केयरटेकर वरुण कुमार पर गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी वरुण को 28 सितंबर को ही पंजाब की एक प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए राकेश अग्रवाल की देखरेख के लिए नौकरी पर रखा गया था। घटना के बाद से वरुण गायब है और उसका सारा सामान व दस्तावेज भी कमरे से गायब हैं।
पंजाब पुलिस से साधा संपर्क
घटना की सूचना मिलते ही रातीबड़ थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपट्र्स की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके की नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। संदिग्ध आरोपी के पंजाब भागने की आशंका को देखते हुए भोपाल पुलिस ने पंजाब पुलिस और संबंधित एजेंसी से भी संपर्क साधा है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



