पॉलिटिकल तड़काप्रशासनमध्यप्रदेशमुद्दा गरम है

राजधानी में खुले आसमान के नीचे किसानों ने बिताई रात, दोपहर 2 बजे तक का अल्टीमेटम

भोपाल। गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल करने और 50 रुपए अतिरिक्त बोनस देने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसानों ने भोपाल में डेरा डाल दिया है। नरसिंहपुर जिले से आए गन्ना उत्पादक किसान होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि आज दोपहर 2 बजे तक उनकी मांगों पर कोई फैसला नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे।
प्रदर्शन कर रहे किसानों की पूरी रात खुले आसमान के नीचे बीती। किसानों ने बताया कि उन्होंने किसी तरह खाने-पीने का इंतजाम किया और धरनास्थल पर ही रात गुजारी। वहीं दूसरी ओर सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिस ने मौके पर टेंट लगाया है।

क्या है किसानों की मुख्य मांग
किसान नेता प्रतीक शर्मा के अनुसार फिलहाल गन्ने का भाव 400 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा है, जिसे बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही किसानों ने 50 रुपए बोनस देने की मांग भी रखी है।
किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से 450 रुपए प्रति क्विंटल देने की बात कही जा रही है, जो खेती की बढ़ती लागत के सामने बहुत कम है। सोमवार को पांच किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव से मुलाकात भी की थी, लेकिन बातचीत में कोई सहमति नहीं बन सकी।

ट्रेनों और निजी वाहनों से और किसान पहुंचने की तैयारी
किसान नेताओं ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर नरसिंहपुर समेत अन्य स्थानों से और भी किसान ट्रेनों और निजी वाहनों के जरिए दोपहर तक भोपाल पहुंच सकते हैं। उन्होंने दोहराया कि यदि तय समय यानी दोपहर 2 बजे तक सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लियाए तो आंदोलन को तेज करते हुए सीएम हाउस की तरफ बढ़ा जाएगा।

होशंगाबाद रोड पर बैरिकेडिंग, 150 पुलिसकर्मी तैनात
मुख्य मार्ग यानी होशंगाबाद रोड पर यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस ने सर्विस रोड पर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर किसानों को रोक रखा है। वीर सावरकर सेतु की शुरुआत में बैरिकेड्स लगाए गए हैं, जबकि गणेश मंदिर के पास भी बैरिकेडिंग करने की तैयारी की गई है।
रात के समय स्थिति पर नजर रखने के लिए 2 डीएसपी और 4 इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के साथ करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात रहे। आज स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई है तथा करीब 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!