पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेशमुद्दा गरम है

6 साल बाद फिर साथ आए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल

भोपाल। श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर पंजाब की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने 6 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर हाथ मिला लिया है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए कहा कि पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव दोनों दल मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने घोषणा की कि इस गठबंधन में शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और यदि गठबंधन चुनाव जीतता है तो मुख्यमंत्री अकाली दल का नेता ही बनेगा। हालांकि किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी इस पर अंतिम फैसला होना अभी बाकी है।

यह राजनीतिक नहीं, नाखून और मांस जैसा इमोशनल रिश्ता है
गठबंधन के ऐलान पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इसे एक भावनात्मक वापसी बताया। उन्होंने कहा यह सिर्फ एक राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि एक इमोशनल और पारिवारिक गठबंधन है। मेरे पिता प्रकाश सिंह बादल कहा करते थे कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता नाखून और मांस जैसा है। इस रिश्ते की नींव मेरे पिता और अटल बिहारी वाजपेयी व लालकृष्ण आडवाणी जी ने रखी थी।ष्
सुखबीर बादल ने दावा किया कि जब-जब पंजाब में यह गठबंधन रहा, राज्य ने तरक्की की और शांति बनी रही। उन्होंने अकाली दल को देश की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी बताते हुए कहा कि आज पंजाब को बचाने के लिए दोनों दलों का साथ आना बेहद जरूरी है।

गठबंधन से पहले अकाली दल के 3 बड़े मुद्दों
गठबंधन की शर्तों और पंजाब के संवेदनशील मुद्दों को लेकर अकाली दल के पक्ष पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति स्पष्ट की…

किसानों का मुद्दा: सुखबीर बादल ने किसानों की समस्याओं और उनकी लंबित मांगों के समाधान की बात रखी। इस पर अमित शाह ने बताया कि इस विषय पर उनकी सुखबीर बादल के साथ पिछले तीन महीनों से विस्तार से चर्चा चल रही है। किसानों की हर एक समस्या को समझा गया है और सरकार ने अगले तीन महीने के भीतर इनका समाधान निकालने का भरोसा दिया है।

बंदी सिखों की रिहाई: अकाली दल ने बंदी सिखों की रिहाई को लेकर केंद्र सरकार से सकारात्मक कदम उठाने की अपील की। शाह ने जवाब दिया कि इस मुद्दे पर दोनों दलों का अपना-अपना स्टैंड है, लेकिन दोनों पार्टियां साथ बैठकर इस पर विस्तार से चर्चा करेंगी और कोई सर्वमान्य रास्ता निकालने का प्रयास करेंगी।

करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग: सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का हवाला देते हुए अकाली दल ने करतारपुर कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग उठाई। इस पर गृह मंत्री ने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर ही बना है और सरकार भी इसे खोलना चाहती है। राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से इसे अस्थायी रूप से बंद किया गया है, और जैसे ही परिस्थितियां सामान्य होंगी, इसे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।

8 दिसंबर को मोगा में शक्ति प्रदर्शन, शामिल होंगे पीएम मोदी
सुखबीर सिंह बादल ने जानकारी दी कि 8 दिसंबर को पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की जयंती है। उन्होंने अपने पिता के भाईचारे और विकास के योगदान को याद करते हुए बताया कि 8 दिसंबर को पंजाब के मोगा में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!