एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 9 दिसंबर से, 7500 पदों के लिए 7.5 लाख दावेदार

भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने आरक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नई तारीख जारी कर दी है। यह परीक्षा अब 9 दिसंबर से शुरू होगी। मंडल की ओर से जल्द ही परीक्षा के प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि यह परीक्षा पहले 19 नवंबर से आयोजित होनी थी, लेकिन पुलिस विभाग की एक अन्य परीक्षा के आयोजन और उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे आगे बढ़ा दिया गया था।
7500 पदों पर भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत पुलिस विभाग में कुल 7,500 आरक्षकों की नियुक्ति की जानी है। इनमें से 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी विशेष सशस्त्र बल को छोडक़र, के हैं, जबकि 700 पद विशेष सशस्त्र बल के लिए निर्धारित किए गए हैं। प्रदेशभर से इन पदों के लिए लगभग 7.5 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो हर एक पद के लिए औसतन 100 उम्मीदवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा होगी।
पीएचडी और इंजीनियरिंग डिग्री वाले भी लाइन में
भर्ती के लिए तय न्यूनतम शैक्षणिक अर्हता के बावजूद बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवाओं ने भी आरक्षक पद के लिए आवेदन किया है। इनमें पीएचडी, बीई.बीटेक इंजीनियरिंग, स्नातकोत्तर और स्नातक योग्यता रखने वाले उम्मीदवार शामिल हैं। इनके अलावा डिप्लोमा, आईटीआई के साथ-साथ हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल और आठवीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने भी दावेदारी की है।
गृह जिले में नहीं मिलेगी तैनाती, 5 साल अनिवार्य सेवा
भर्ती नियमों के अनुसार चयनित आरक्षकों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। उम्मीदवारों को आवेदन के समय प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट चुनने का विकल्प मिला था। नियुक्ति मिलने के बाद संबंधित यूनिट में कम से कम 5 वर्ष तक सेवा देना अनिवार्य होगा, जिसके बाद ही स्थानांतरण संभव हो सकेगा। इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों की तैनाती भोपाल, इंदौर और जबलपुर स्थित शासकीय रेल पुलिस में भी की जाएगी।
आधार बायोमेट्रिक सत्यापन और नॉर्मलाइजेशन व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। चूंकि परीक्षा एक से अधिक शिफ्टों में आयोजित होगी, इसलिए प्रश्नपत्रों के स्तर में अंतर को संतुलित करने के लिए अंकों का नॉर्मलाइजेशन लागू किया जाएगा।
क्या है नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया
जब किसी भर्ती परीक्षा के अलग-अलग शिफ्टों के प्रश्नपत्रों का कठिनाई स्तर एक जैसा नहीं रहता, तब अंकों में समानता लाने के लिए नॉर्मलाइजेशन पद्धति अपनाई जाती है। उदाहरण के लिए यदि पहली शिफ्ट का पेपर कठिन रहा और उम्मीदवारों के अंक कम आए, जबकि दूसरी शिफ्ट का पेपर अपेक्षाकृत आसान रहा और अंक अधिक आए तो दोनों शिफ्टों के स्तर का आकलन कर अंकों में समायोजन किया जाता है, ताकि किसी भी वर्ग के साथ अन्याय न हो। कर्मचारी चयन मंडल ने सभी उम्मीदवारों को सुझाव दिया है कि वे प्रवेश पत्र और परीक्षा से जुड़े ताजा अपडेट के लिए नियमित रूप से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।



