ठेकेदार को घोड़े ने मारी लात, इलाज के दौरान मौत…

भोपाल। राजधानी के पंचशील नगर में सार्वजनिक सडक़ पर बंधे घोड़ों के जमावड़े ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रिश्तेदार के बेटे की शादी के कार्ड बांटकर बाइक से घर लौट रहे 39 वर्षीय ठेकेदार के पेट में एक घोड़े ने जोरदार लात मार दी। गंभीर रूप से घायल ठेकेदार ने सोमवार सुबह चूना भट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने नगर निगम व प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
मृतक की पहचान संतोष सुरडकर निवासी प्लॉट नंबर.1 सरदार पटेल स्कूल के पास पंचशील नगर के रूप में हुई है। वह जर्जर मकानों को तोडऩे का ठेका लेते थे।
सडक़ के दोनों तरफ बंधे थे घोड़े
मृतक के छोटे भाई विनोद ने बताया कि संतोष रविवार को अपने साले के साथ मौसेरे भाई की शादी के कार्ड बांटने निकले थे। शाम करीब 7 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। घर के पास ही रवि लोगांशी नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर कब्जा कर अवैध अस्तबल बना रखा है, जहां पांच से छह घोड़े पाले गए हैं। रविवार शाम को सडक़ के दोनों तरफ घोड़े बंधे हुए थे। जैसे ही संतोष उनके बीच से गुजरने लगे, एक घोड़े ने अचानक उनके पेट में जोरदार लात मार दी। लात लगते ही संतोष बाइक से सडक़ पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान सुबह 9.30 बजे तोड़ा दम
विनोद के मुताबिक चोट लगने के बाद संतोष को पेट में असहनीय दर्द होने लगा और सांस लेने में भी तकलीफ शुरू हो गई। परिजन उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने पर उन्हें चूना भट्टी स्थित दूसरे निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गोद लिए मासूम के सिर से उठा पिता का साया
संतोष की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने बताया कि संतोष की शादी को 11 साल हो चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। घर में खुशियां लाने के लिए उन्होंने पिछले साल ही एक रिश्तेदार के बेटे को गोद लिया था। इस हादसे ने उस मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया छीन लिया।
पहले भी हमले कर चुका है घोड़ा
परिजनों का आरोप है कि इस अस्तबल के घोड़ों से पहले भी राहगीर और जानवर शिकार हो चुके हैं। विनोद के अनुसार एक घोड़ा पहले एक युवक को काट चुका है, जबकि एक कुत्ते को लात मारने से उसकी मौत हो चुकी है। इस खतरे को लेकर परिजनों और रहवासियों ने सीएम हेल्पलाइन, टीटी नगर थाने और स्थानीय पार्षद से भी शिकायत की थी। पार्षद ने नगर निगम से कार्रवाई कराने का भरोसा दिया था। आरोप है कि महज दो दिन पहले नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची भी थी, लेकिन केवल सामान्य चालानी कार्रवाई कर खानापूर्ति करते हुए लौट गई। सडक़ पर घोड़े बांधने की समस्या जस की तस बनी रही।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
मृतक के परिजनों ने प्रशासन से सवाल किया है कि लगातार शिकायतों और पूर्व की घटनाओं के बावजूद अवैध अस्तबल को समय रहते क्यों नहीं हटाया गया क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे थे। फिलहाल टीटी नगर पुलिस ने संतोष की मौत के मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना के हालात व परिजनों के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।



