एसडीओ के ठिकानों से करोड़ों का खजाना बरामद, आय से 560: प्रतिशत अधिक संपत्ति का खुलासा

भोपाल। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लोकायुक्त पुलिस ने 14 नवंबर को वन विभाग के सब-डिविजनल ऑफिसर एसडीओ संजीव कुमार शर्मा के भोपाल समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में अब तक 7.60 करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति का पता चला है, जो अधिकारी की ज्ञात आय से करीब 560 प्रतिशत अधिक है।
लोकायुक्त की तीन विशेष टीमों ने इस छापेमारी से पहले लगातार 37 दिनों तक गोपनीय जांच की थी। टीमों ने कटनी और पचमढ़ी में मौजूद उनकी संपत्तियों, होटल, रिसॉर्ट और अन्य व्यावसायिक निवेशों का बारीकी से सत्यापन किया और पुख्ता सबूत जुटाने के बाद एक साथ दबिश दी।
घर से निकला नकद, सोना-चांदी और लग्जरी गाडिय़ां
तलाशी के दौरान लोकायुक्त की टीम को एसडीओ शर्मा के घर से बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती आभूषण मिले हैं, जिनका आकलन टीम ने मौके पर ही किया।
– घर से 26.36 लाख रुपये नकद, 2.528 किलो सोना अनुमानित कीमत 3.50 करोड़ रुपये और 1.656 किलो चांदी कीमत करीब 2.94 लाख रुपये बरामद की गई है।
– छापेमारी में स्कॉर्पियो, महिंद्रा ग्न्ट, बुलेट बाइक और एक स्कूटर समेत कुल चार वाहन मिले हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 31.20 लाख रुपये आंकी गई है।
– घर में मौजूद लग्जरी और घरेलू सामान की कीमत ही करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
37 दिन की रेकी के बाद खुला राज
लोकायुक्त के प्रारंभिक सत्यापन में अधिकारी के पास ज्ञात आय से 228 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन छापेमारी के बाद अब तक की गणना में यह आंकड़ा बढक़र 560 प्रतिशत तक पहुंच गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभी शुरुआती आकलन हैय होटल और रिसॉर्ट का तकनीकी मूल्यांकन होना बाकी है, जिसके बाद कुल संपत्ति का मूल्य और भी बढ़ सकता है।
परिवार और करीबियों की भूमिका की भी जांच शुरू
लोकायुक्त की टीम अब बरामद हुए 28 दस्तावेजों का संपत्तियों से मिलान कर रही है। जांच इस दिशा में आगे बढ़ाई जा रही है कि ये संपत्तियां खुद एसडीओ के नाम पर हैं या परिवार के सदस्यों और करीबियों के नाम पर खरीदी गई हैं। इसके साथ ही अधिकारी की पूरी नौकरी के दौरान मिले वेतन, वैध आय और रिसॉर्ट से होने वाली कमाई का पूरा ब्योरा जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



