टाइगर स्टेट में खतरे की घंटी, इस साल रिकॉर्ड 57 बाघों की मौत, हर तीसरा मृत बाघ दो साल का भी नहीं

भोपाल। देश में टाइगर स्टेट का ताज पहनने वाले मध्य प्रदेश के जंगलों से बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। प्रदेश में बाघों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस साल 7 नवंबर तक 57 बाघों की मौत हो चुकी है, जो प्रदेश में किसी एक साल में बाघों की मौत का अब तक का सबसे बड़ा और डरावना आंकड़ा है।
मध्य प्रदेश वन विभाग और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के आंकड़ों की पड़ताल से यह साफ हुआ है कि पिछले दो सालों के मुकाबले इस बार मौतों का ग्राफ तेजी से ऊपर गया है। वर्ष 2024 में 47 और 2025 में 53 बाघों ने जान गंवाई थी, जबकि 2026 में अभी साल खत्म होने में डेढ़ महीने से ज्यादा का समय बाकी है और आंकड़ा 57 तक पहुंच चुका है।
जंगल पड़ रहे छोड़े, आपसी संघर्ष बना सबसे बड़ा कातिल
बाघों की बढ़ती आबादी के बीच अब उनके लिए जंगल का दायरा छोटा पडऩे लगा है। अपनी टेरिटरी बनाने और बचाने की जंग में बाघ एक-दूसरे की ही जान के दुश्मन बन गए हैं।
– इस साल हुई 57 मौतों में से सबसे ज्यादा 19 बाघों की जान आपसी संघर्ष टेरिटोरियल फाइट में गई है।
– बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों का घनत्व सबसे ज्यादा है, यही वजह है कि यहां टेरिटोरियल फाइट में सबसे अधिक 5 बाघ मारे गए। इसके अलावा कान्हा में 3, पन्ना में 2 और सतपुड़ा, संजय डुबरी व रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में एक-एक बाघ की मौत आपसी संघर्ष से हुई।
– वहीं 9 बाघों की मौत बिजली के करंट लगने से और एक बाघ की जान सोलर फेंस के करंट से गई है।
18 शावक और युवा बाघ काल के गाल में समाए
आंकड़ों का सबसे दुखद पहलू यह है कि जंगल की नई पीढ़ी ही सुरक्षित नहीं है। इस साल मरने वाले 57 बाघों में से 18 बाघों की उम्र दो साल से भी कम थी। यानी हर तीसरा मृत बाघ पूरी तरह वयस्क भी नहीं हो पाया था।
कम उम्र के 18 बाघों की मौत की वजह
आपसी संघर्ष: 11 बाघ
सीडीवी वायरस संक्रमण: 5 बाघ
बिजली का करंट: 1 बाघ
प्राकृतिक कारण: 1 बाघ
पिछले तीन सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में दो साल से कम उम्र के कुल 47 बाघों की जान जा चुकी है, जो भविष्य में बाघों के संरक्षण के लिए एक बड़ी चुनौती है।
कान्हा और बांधवगढ़ में सबसे ज्यादा मौतें
प्रदेश के टाइगर रिजर्व में इस साल कुल 35 बाघों की मौत दर्ज की गई है, जबकि बाकी मौतें सामान्य वन क्षेत्रों में हुई हैं। कान्हा और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सर्वाधिक 12-12 मौतें हुई हैं। कान्हा में तो कैनाइन डिस्टेंपर वायरस ने कहर बरपाया और अकेले इस संक्रमण से 8 बाघों की मौत हो गई।



