एमपी में पाकिस्तानी क्रीम पर बैन…

भोपाल। मध्य प्रदेश में पाकिस्तान में बनी दो बेहद चर्चित ब्यूटी क्रीम गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी वाइटनिंग क्रीम की खरीद, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
यह कार्रवाई प्रतिष्ठित एक अखबार द्वारा किए गए एक बड़े खुलासे के बाद अमल में लाई गई है, जिसमें इन विदेशी उत्पादों के अवैध बाजार और स्वास्थ्य पर पडऩे वाले गंभीर दुष्प्रभावों का पर्दाफाश हुआ था।
पाकिस्तान से अवैध तरीके से आ रहीं थीं क्रीम्स
विभाग के मुताबिक इन दोनों पाकिस्तानी क्रीमों को भारतीय बाजार में कानूनी रूप से बेचने के लिए किसी भी सक्षम प्राधिकारी से आयात रजिस्ट्रेशन नहीं मिला है।
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन नई दिल्ली और औषधि महानियंत्रक भारत ने इस संबंध में पहले ही 8 सितंबर को चेतावनी दी थी कि ये उत्पाद बिना अनुमति के देश में खपाए जा रहे हैं। पाकिस्तान से बिना वैध लाइसेंस के भारत में आने के कारण इनकी बिक्री को पूरी तरह अनधिकृत और गैरकानूनी घोषित किया गया है।
सेहत के लिए क्यों खतरनाक हैं ये पाकिस्तानी उत्पाद
जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इन पाकिस्तानी क्रीमों में निर्धारित सीमा से कहीं अधिक मात्रा में भारी धातुएं पाई गई हैं।
त्वचा और स्वास्थ्य पर असर
इन जहरीली धातुओं के प्रभाव से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। इससे त्वचा खराब होने के साथ-साथ शरीर पर विषाक्त प्रभाव भी पड़ सकते हैं।
विशेषज्ञों की चेतावनी
विशेषज्ञों का कहना है कि चमक और गोरापन देने के दावे करने वाली ऐसी अनियंत्रित विदेशी क्रीम्स में स्टेरॉयड और खतरनाक केमिकल्स मिले होते हैं, जो लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर किडनी और लिवर तक को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
प्रशासन की अपील,बाजार में दिखें तो तुरंत दें सूचना
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भूलकर भी श्गोरी ब्यूटी क्रीम, चांदनी वाइटनिंग क्रीम या इस तरह के अन्य अवैध पाकिस्तानी उत्पादों को न खरीदें और न ही इनका उपयोग करें।
यदि आपके आसपास या बाजार में कोई दुकानदार इनकी बिक्री करता नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत अपने जिले के औषधि निरीक्षक को दें या विभाग के आधिकारिक ईमेल पर शिकायत दर्ज कराएं।
कॉस्मेटिक खरीदने से पहले इन नियमों का रखें ध्यान
कानून के मुताबिक देश में किसी भी कॉस्मेटिक उत्पाद के निर्माण और आयात के लिए औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और कॉस्मेटिक नियमए 2020 का पालन करना अनिवार्य है। भारत के लिए उस पर वैध निर्माण लाइसेंस नंबर, निर्माता का नाम-पता, बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपाइरी डेट साफ साफ लिखी होनी चाहिए।
आयातित उत्पाद के लिए
विदेश से आने वाले कॉस्मेटिक पर सीडीएससीओ का आयात रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस नंबर होना जरूरी है। साथ ही निर्माता का नाम-पता, निर्यातक देश का नाम और एक्सपाइरी डेट दर्ज होनी चाहिए। बिना इन मानकों के बिकने वाला हर कॉस्मेटिक उत्पाद अवैध माना जाता है।



