भोपाल से उठा दीवान-ए-खास विवाद, करीना कपूर के कुरान शरीफ वाले पेंडेंट पर सियासत गर्म

भोपाल। देश की जानी-मानी अभिनेत्री करीना कपूर खान का एक सोशल मीडिया पोस्ट इन दिनों मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राजनीतिक और सामाजिक गलियारों की सबसे बड़ी चर्चा बन गया है। दीपावली के पावन अवसर पर करीना द्वारा एक विशेष पेंडेंट पहने जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अदलती नोटिस और तीखे बयानों तक पहुंच गया है। एक तरफ जहां कांग्रेस ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कदम बताया है, वहीं हिंदू संगठनों ने अभिनेत्री का खुला समर्थन कर मामले को नया मोड़ दे दिया है।
इस पूरे विवाद की शुरुआत कांग्रेस नेता अब्बास हफीज की आपत्ति और भोपाल कोर्ट के जरिए भेजे गए कानूनी नोटिस से हुई। अब्बास हफीज के वकील एडवोकेट जफर राजा ने साफ किया है कि उनकी आपत्ति करीना के पेंडेंट पहनने भर को लेकर नहीं है, बल्कि उस पर खुदी हुई कुरान की पवित्र आयत को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने पर है।
वकील का तर्क है इस्लामिक परंपराओं के अनुसार इस बेहद पवित्र आयत को छूने या पढऩे से पहले शुद्धिकरण किया जाता है।
ऐसी पाक आयतों को फैशन ज्वेलरी या आभूषण के रूप में गले में पहनकर सोशल मीडिया पर दिखाना मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। नोटिस में करीना से तुरंत वह पोस्ट हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने की मांग की गई है। चेतावनी दी गई है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो आगे कड़े कानूनी विकल्प अपनाए जाएंगे।
संस्कृति बचाओ मंच की एंट्री
कांग्रेस के इस आक्रामक रुख के बीच हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच से जुड़े चंद्रशेखर तिवारी अभिनेत्री करीना कपूर के समर्थन में ढाल बनकर खड़े हो गए हैं। तिवारी का कहना है कि करीना को किसी भी सूरत में माफी मांगने की कोई आवश्यकता नहीं है।
तिवारी ने दलील दी कि करीना कपूर का जन्म एक हिंदू परिवार में हुआ है। उन्होंने अभिनेता सैफ अली खान से विवाह किया है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि वह अपनी मूल परंपराओं, आस्था और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को भूल जाएं।
अपना खुद का पेंडेंट दिखाते हुए चंद्रशेखर तिवारी ने कहा मैं भी गले में मां भगवती की तस्वीर और मां लिखा हुआ पेंडेंट पहनता हूं जिससे मुझे सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। यदि किसी पवित्र वस्तु में कुरान की आयतें हृदय के करीब पहनी गई हैं तो इसमें गलत क्या है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद इस बात पर भी आपत्ति हो सकती है कि करीना ने यह पेंडेंट दीपावली के दिन पहना था।



