टीम इंडिया की डरावनी शुरुआत, पहले ही ओवर में शून्य पर गंवाए 3 विकेट

माउंट माउंगानुई में खेले जा रहे चौथे वनडे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम ने भारतीय गेंदबाजों के सामने रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। कीवी टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 333 रन बनाए और पूरी टीम ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से विल यंग ने एक बेहतरीन और शतकीय पारी खेली, जिसके दम पर टीम ने एक मजबूत स्कोर खड़ा किया।
पारी के अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और कीवी टीम को 333 रनों पर समेट दिया। पारी के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर गेंदबाज आकिब नबी के शानदार डायरेक्ट हिट से मैट हेनरी (2 रन) रनआउट हुए और ठीक अगली गेंद पर विराट कोहली के सटीक थ्रो पर विकेटकीपर ईशान किशन ने मैट फिशर को भी रनआउट कर दिया। इससे पहले आकिब नबी ने क्रिस्टियन क्लार्क 22 रन को स्ठॅ आउट कर कीवी टीम को आठवां झटका दिया था।
इतिहास का सबसे काला ओवर
न्यूजीलैंड के 334 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ऐसी डरावनी रही, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। न्यूजीलैंड के घातक तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में भारतीय बल्लेबाजी क्रम की धज्जियां उड़ा कर रख दीं।
– पारी की पहली ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में फिन एलन को कैच थमा बैठे और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
– मैदान पर उतरे विराट कोहली 4 गेंदें खेलने के बाद मैट हेनरी की गेंद पर बोल्ड हो गए। कोहली भी अपना खाता नहीं खोल सके।
– इसके बाद क्रीज पर आए श्रेयस अय्यर भी हेनरी का शिकार बने और वे भी बिना कोई रन बनाए आउट हो गए।
भारत ने अपने इतिहास में पहली बार पारी के पहले ओवर में बिना एक भी रन बनाए अपने तीन दिग्गज विकेट गंवा दिए। हालांकि वनडे क्रिकेट के इतिहास में पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट गंवाने का अनचाहा रिकॉर्ड बांग्लादेश के नाम है, जिन्होंने 2003 वल्र्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ चामिंडा वास की गेंदबाजी पर पहले ओवर में 4 विकेट खोए थे।



