सोने के दांत के लालच में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या

भोपाल। राजधानी के शाहजहानाबाद इलाके में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां वाजपेयी नगर मल्टी में रहने वाली 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलरी देवी की अज्ञात बदमाशों ने केवल इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी, ताकि वे उनके मुंह से सोने का दांत और घर के गहने लूट सकें। बुजुर्ग महिला फ्लैट में अकेली रहती थी और इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
घटना शुक्रवार तडक़े की है। सुबह करीब 4 बजे जब पड़ोस में रहने वाली एक महिला उठी तो उसने कलरी देवी के फ्लैट का दरवाजा खुला पाया। उत्सुकता और आशंका के चलते जब वह अंदर गईं तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बुजुर्ग महिला मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी थीं। उनके गले पर गंभीर चोट के निशान थे और मुंह से खून बह रहा था। पड़ोसी महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इक_ा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सोने के गहनों के साथ सोने का दांत भी नोंच ले गए दरिंदे
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब मौके पर पहुंचकर छानबीन की तो हैरान कर देने वाले तथ्य सामने आए। मृतका के शरीर से सोने के गहने तो गायब थे ही साथ ही उनके मुंह से सोने का दांत भी बेरहमी से निकाल लिया गया था। पुलिस इसे विशुद्ध रूप से लूटपाट के बाद की गई हत्या मानकर चल रही है। हत्यारों की इस घिनौनी करतूत से यह साफ जाहिर होता है कि वे शातिर थे और बुजुर्ग महिला के हर एक कीमती जेवर से वाकिफ थे।
अकेलेपन का उठाया फायदा
मृतका कलरी देवी की चार बेटियां हैं, जिनकी पहले ही शादी हो चुकी है। उनका एक बेटा है जो मूक-बधिर है और श्यामला हिल्स स्थित एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। महिला फ्लैट में अकेले जीवन व्यतीत कर रही थी, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने इस कायराना वारदात को अंजाम दिया। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाल ही में मृतका से मिलने कौन-कौन आया था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शाहजहानाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान के अनुसार पुलिस की टीमें और एफएसएल यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। मल्टी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि संदिग्धों का सुराग मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का और खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।



