बीजेपी जिला महामंत्री को सीएम साहब से कम लगाव…

सीहोर। जिले की राजनीति में इन दिनों एक सोशल मीडिया पोस्ट जमकर चर्चा का विषय बनी हुई है। सियासत के गलियारों में सुगबुगाहट तेज है कि क्या बीजेपी के जिला महामंत्री को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कम लगाव है, वजह एक ऐसी सोशल मीडिया पोस्ट है जिसमें सीएम की तस्वीर तो साफ नजर आ रही है, लेकिन कैप्शन से उनका नाम पूरी तरह गायब है। इस छोटी सी चूक ने सीहोर की राजनीतिक गलियों में कई तरह के कयासों को जन्म दे दिया है।
मामला सीहोर बीजेपी के जिला महामंत्री पंकज गुप्ता द्वारा हाल ही में सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक पोस्ट से जुड़ा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी स्व. काशीबाई के निधन पर ग्राम जैत पहुंचकर अंतिम यात्रा में शामिल होने और श्रद्धांजलि देने की कुछ तस्वीरें साझा की थीं।
पोस्ट में उन्होंने राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, स्थानीय विधायकों रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, गोपाल सिंह इंजीनियर, जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा समेत कई अन्य पदाधिकारियों और नेताओं के नाम का उल्लेख तो बड़े विस्तार से किया। लेकिन जब बात प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की आई तो तस्वीरों में मुख्यमंत्री की मौजूदगी के बावजूद उनके नाम का कोई जिक्र नहीं किया गया।
सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म
एक ओर जहां इस पोस्ट को लेकर इसे एक सामान्य मानवीय चूक माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर लोग चटकारे लेकर यह चर्चा कर रहे हैं कि आखिर सीहोर बीजेपी में ऐसा कैसे हो गया कि प्रदेश के मुखिया का नाम ही सूची से बाहर हो गया।



