हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में आज प्रदेशभर में जलेंगे पुतले

भोपाल। मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के इस फैसले के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए और कई गंभीर सवाल उठाए।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दलित नेता से इस्तीफा लेकर ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार भेजना, जिसका नाम एक बड़े स्कैंडल (एपस्टीन फाइल्स) से जुड़ा रहा है, भाजपा की गलत राजनीति को उजागर करता है।
एपस्टीन प्रकरण और हरदीप पुरी से जवाब
पटवारी ने दावा किया कि हरदीप पुरी का नाम एपस्टीन प्रकरण में सामने आया है। उन्होंने पुरी के उस दावे पर भी सवाल उठाया जिसमें उन्होंने एक डेलीगेशन में शामिल होने की बात कही थी, लेकिन बाद में सामने आई तस्वीरों में वे अकेले नजर आए। कांग्रेस ने मांग की है कि मध्य प्रदेश की धरती पर कदम रखने से पहले पुरी को जनता को इस पर सफाई देनी चाहिए।
स्थानीय नेतृत्व की अनदेखी
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा को मध्य प्रदेश में हरदीप पुरी से योग्य कोई दूसरा स्थानीय नेता नहीं मिला। राज्यसभा सीट का फैसला दिल्ली में क्यों हुआ और प्रदेश की कोर कमेटी क्या कर रही थी। पटवारी ने सीएम डॉ. मोहन यादव से भी सवाल किया कि जब प्रदेश के सम्मान की बात है तो वे इस मामले में पूरी तरह चुप क्यों हैं।
धर्म से जोडऩे के आरोपों पर खंडन
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को सिख समुदाय से जोड़े जाने के भाजपा के दावों को पटवारी ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी धर्म या समुदाय का विरोध नहीं है, बल्कि किसी व्यक्ति विशेष के विवादों और फैसलों पर सवाल उठाना है। सिख गुरुओं और पंच प्यारों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा हर मुद्दे को धर्म का रंग देकर भटकाने की कोशिश कर रही है।
आज शाम 5 बजे से प्रदेशभर में प्रदर्शन और पुतला दहन
जीतू पटवारी ने घोषणा की है कि इस फैसले के विरोध में शुक्रवार शाम 5 बजे से मध्य प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीए हरदीप सिंह पुरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पुतले जलाए जाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि जनता 2028 में भाजपा के अहंकार का जवाब देगी।



