ज्यादातर ताले में कैद रहता है मंत्री जी के इछावर में एसडीएम निवास

सीहोर। मध्यप्रदेश में प्रशासनिक अधिकारियों की मुख्यालय पर उपस्थिति और उनकी कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला प्रदेश के राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री करण सिंह वर्मा के गृह विधानसभा क्षेत्र इछावर का है, जहां पदस्थ एसडीएम स्वाति मिश्रा के सरकारी निवास पर ज्यादातर ताला लटका रहने की बात सामने आई है। आरोप है कि एसडीएम पिछले कई महीने से मुख्यालय पर निवास करने के बजाय नियमित रूप से बाहर से अप-डाउन कर रही हैं।
इछावर स्थित एसडीएम निवास पर ताला लटका होने की स्थिति ने किसानों में नाराजगी पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी ग्रामीण या आम नागरिक को राजस्व मामलों, नामांतरण, सीमांकन या किसी अन्य आपातकालीन प्रशासनिक कार्य के लिए एसडीएम से मिलना हो तो उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।
नियमों को ताक पर रखकर चल रहा अप-डाउन
शासन के स्पष्ट निर्देश और प्रशासनिक नियम कहते हैं कि हर अधिकारी को अपनी पदस्थापना के मुख्यालय पर ही रहना अनिवार्य है, ताकि क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति या जनसमस्या के समय वे तुरंत उपलब्ध हो सकें। इसके बावजूद एसडीएम स्वाति मिश्रा पर पिछले कई महीनों से मुख्यालय पर न रहकर लगातार अप-डाउन करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या जिला प्रशासन को इस बात की जानकारी है या फिर इस पर मौन स्वीकृति दी गई है।
राजस्व मंत्री के अपने गढ़ में उठ रहे सवाल
यह पूरा मामला इसलिए भी बेहद चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि इछावर क्षेत्र खुद प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का विधानसभा क्षेत्र है। जिस महत्वपूर्ण राजस्व विभाग की कमान खुद मंत्रीजी के हाथों में है, उसी विभाग के स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी की ऐसी कार्यप्रणाली पर सवाल उठना विभागीय व्यवस्था पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।



