घायलों का हाल जानने पहुंचे सीएम की गाड़ी के आगे लेटी आक्रोशित महिला!

भोपाल। ग्वालियर के आंतरी स्थित सांतऊ गांव में हुए भीषण मंदिर हादसे के गम और गुस्से के बीच सोमवार को शहर के ट्रॉमा सेंटर के बाहर एक ऐसा नाटकीय और सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया, जिसने सबको सकते में डाल दिया। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अस्पताल के भीतर घायलों का दर्द बांट रहे थे, वहीं अस्पताल के बाहर सुरक्षा घेरे को तोडक़र एक आक्रोशित महिला सीधे मुख्यमंत्री की गाड़ी के आगे जाकर लेट गई। इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले के हाथ-पांव फूल गए।
बता दें सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर में शीतला माता मंदिर हादसे के घायलों का हालचाल जानने पहुंचे थे। उनके साथ प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट और सांसद भारत सिंह कुशवाहा भी मौजूद थे।
नेता और अधिकारी जब अस्पताल के भीतर गंभीर रूप से घायलों का इलाज परख रहे थे तो बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पीडि़त परिवार जमा थे। अस्पताल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त थी कि घायलों से मिलने पहुंचे कुछ लोगों को जब अंदर जाने से रोका गया तो वहां मौजूद एक महिला का सब्र टूट गया। व्यवस्थाओं और पुलिस पहरे से नाराज होकर वह महिला गुस्से में उफन पड़ी और सीधे मुख्यमंत्री के काफिले के आगे जाकर सडक़ पर लेट गई।
सुरक्षा बलों ने तत्परता से हटाया, तब रवाना हुआ काफिला
महिला के अचानक गाड़ी के आगे लेट जाने से वहां कुछ देर के लिए भारी गहमागहमी और अफरा तफरी का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर मुस्तैद सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस बल ने बिना एक पल गंवाए तुरंत तत्परता दिखाई। पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर और सुरक्षित तरीके से महिला को वहां से हटाया, जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का काफिला सुरक्षित रूप से आगे रवाना हो सका। इस पूरी घटना ने अस्पताल के बाहर कुछ पलों के लिए भारी तनाव पैदा कर दिया था।
कहर बनकर बरपा था ओवरलोड ट्रक, जा चुकी हैं 15 जानें
बता दें यह पूरा हंगामा उस दर्दनाक त्रासदी की पृष्ठभूमि में हुआ जिसने पूरे ग्वालियर को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात आंतरी के सांतऊ गांव स्थित शीतला माता मंदिर में एक बेकाबू ओवरलोड ट्रक नो एंट्री तोड़ते हुए सीधे मंदिर की दीवार से जा टकराया था। इस दिल दहला देने वाले हादसे में बच्चों समेत 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 42 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस गंभीर लापरवाही पर सरकार पहले ही 9 पुलिस अधिकारियों और जवानों को निलंबित कर चुकी है तथा मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे चुकी है।
दोषियों को नहीं बख्शेंगे
अस्पताल के भीतर सीएम मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक-एक घायल के बिस्तर तक पहुंचकर उनका हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतरीन इलाज के निर्देश दिए। मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि इस भीषण हादसे की गहराई से तहकीकात की जा रही है और इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।



