सावधान भोपाल, दिल्ली जाने से पहले ये खबर पढ़ लें… वरना स्टेशन पर कटेगा चक्कर

भोपाल। राजधानीवसियों… अगर आप भी इस वीकेंड पर हजरत निजामुद्दीन या नई दिल्ली जाने का प्लान बना रहे हैं और बैग पैक कर चुके हैं तो ठहरिए. रेलवे से आई यह खबर आपके पूरे ट्रैवल प्लान की हवा निकाल सकती है.
जी हां, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी आफत आ गई है. रेलवे ने अचानक भोपाल की आन-बान-शान कही जाने वाली शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस समेत कई अहम ट्रेनों पर ब्रेक लगा दिया है.
भोपाल के रेल मुसाफिरों के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है. पश्चिम मध्य रेलवे ने परिचालन संबंधी कारणों का हवाला देते हुए रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन संख्या 12155 शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस को शुक्रवार को पूरी तरह निरस्त कर दिया है.
इतना ही नहीं भोपाल होकर दिल्ली की ओर जाने वाली सबसे वीआईपी ट्रेन यानी छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस 22221 भी अपने शुरुआती स्टेशन से ही रवाना नहीं होगी. यानी भोपाल के जिन यात्रियों के पास राजधानी की कंफर्म टिकट थी, अब उन्हें भी कोई दूसरा विकल्प खोजना पड़ेगा.
लेकिन सवाल यही है कि आखिर भोपाल से दिल्ली जाने वाली ट्रेनें अचानक रद्द क्यों कर दी गई?
रेलवे बोर्ड के मुताबिक 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों के आसपास सडक़ यातायात में जबरदस्त अड़चन और भारी जाम की आशंका जताई गई है. इसी वजह से 9 अक्टूबर की दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशनों से चलकर, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दिल्ली पहुँचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है.
हालांकि सूत्रों की मानें तो 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित एक बड़े प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कड़ा कदम उठाया गया है. भले ही दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेनों का पहिया थामने का फैसला लिया.
तो अगर आप भी भोपाल या रानी कमलापति स्टेशन के लिए घर से निकलने की सोच रहे हैं तो रुकिए… पहले 139 पर कॉल कीजिए या रेलवे के ऐप पर अपनी ट्रेन का लाइव रनिंग स्टेटस जरूर चेक कर लीजिए, वरना स्टेशन पहुंचकर सिर्फ परेशानी ही हाथ लगेगी.



