पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आज हरदा दौरा, जन-विश्वास अभियान में होंगे शामिल, अस्पताल और वृद्धाश्रम का करेंगे औचक निरीक्षण

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को हरदा जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश सरकार की जन-उन्मुख पहल मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाना, अधिकारियों की जवाबदेही तय करना और शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार दोपहर 12.35 बजे हेलीकॉप्टर से हरदा पहुंचेंगे। यहां करीब साढ़े तीन घंटे रुकेंगे। शाम 4.10 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे। अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री न सिर्फ प्रशासनिक समीक्षा बैठक लेंगे, बल्कि आम जनता, किसानों और उद्यमियों से सीधा संवाद कर ऑन द स्पॉट समस्याओं का निराकरण करेंगे।
अस्पताल और वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण
हरदा पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिला चिकित्सालय और स्थानीय वृद्धाश्रम का निरीक्षण करने पहुंचेंगे। जिला अस्पताल में वे स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति तथा जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता का जायजा लेंगे। वृद्धाश्रम में सीएम बुजुर्गों से भेंट कर उनका हाल-चाल पूछेंगे और संस्था की व्यवस्थाओं व भोजन-आवास सुविधाओं को परखेंगे।
जनता, किसानों और उद्यमियों से सीधी बात
सीएम डॉ. मोहन यादव स्थानीय व्यापार, नए निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। युवाओं, मेधावी छात्रों और समाजसेवियों से मुलाकात करेंगे। किसानों की समस्याएं, खाद-बीज की उपलब्धता और आधुनिक कृषि तकनीकों पर संवाद करेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!