इछावर में मसाला फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल के 2 घंटे देरी से पहुंचने पर लोगों में आक्रोश

सीहोर। इछावर नगर के कोर्ट रोड स्थित गोधन दलिया, मसाला उद्योग और विनायक नमकीन फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री परिसर में रखा भारी मात्रा में तैयार नमकीन, मिर्च-मसाले, पैकेजिंग सामग्री और महंगी मशीनें जलकर स्वाहा हो गईं। इस हादसे में कारोबारी हरी गुप्ता को लाखों रुपये का बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार सुबह जब लोग कोर्ट रोड से गुजर रहे थे तो उन्होंने फैक्ट्री से धुआं और ऊंची-ऊंची लपटें उठती देखीं। शोर मचते ही आसपास के नागरिक और व्यापारी बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और फैक्ट्री का ताला तोडक़र अपने स्तर पर ही पानी व अन्य साधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।
2 घंटे देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इछावर फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। नागरिकों का आरोप है कि सूचना देने के लगभग 2 घंटे बाद तक भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो आग को शुरुआती दौर में ही काबू में किया जा सकता था और लाखों रुपये के नुकसान को बचाया जा सकता था। काफी मशक्कत के बाद नागरिकों ने खुद ही आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था।
पुलिस ने शुरू की जांच
भीषण आग में फैक्ट्री के भीतर रखीं मशीनें और भारी मात्रा में तैयार माल पूरी तरह नष्ट हो गया है। फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।



