प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल, मोहन सरकार की ब्यूरोक्रेसी पर बड़ी स्ट्राइक, 11 आईएएस और 6 एसएएस अधिकारियों के तबादले

भोपाल. मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारे से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर. राज्य सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाते हुए ब्यूरोक्रेसी में एक बड़ा फेरबदल किया है. शासन ने एक साथ 11 आईएएस और 6 राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों के तबादले का आदेश जारी कर दिया है. सरकारी आदेश के मुताबिक इस प्रशासनिक सर्जरी में सचिव और अपर सचिव स्तर के कई कद्दावर नाम शामिल हैं।
सागर संभाग को मिला नया कमिश्नर
सबसे प्रमुख बदलाव सागर में देखा गया है, जहां संभागायुक्त अनिल सच्चर को हटाकर अब दिलीप कुमार को सागर संभाग का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है.
निधि निवेदिता को मिली नई कमान
महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता का तबादला करते हुए उन्हें ओएसडी सह राजस्व आयुक्त और आयुक्त भू-अभिलेख का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
संदीप जीआर बने डब्ल्यूसीडी कमिश्नर
ओएसडी सह श्रम आयुक्त संदीप जीआर को अब ओएसडी सह आयुक्त महिला एवं बाल विकास विभाग बनाया गया है। साथ ही, उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी बाल आरोग्य एवं पोषण मिशन के मिशन संचालक की भी अहम जिम्मेदारी दी गई है।
मंत्रालय में सचिव स्तर पर बदलाव
प्रमुख राजस्व आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव को अब सचिव, राजस्व विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सतेंद्र सिंह को सचिव, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का नया जिम्मा दिया गया है।
6 एसएएस अधिकारियों का तबादला, उज्जैन सिंहस्थ तैयारियां
इसी कड़ी में सामान्य प्रशासन विभाग ने एक और आदेश जारी कर 6 राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों को इधर से उधर किया है. इन अधिकारियों को अलग-अलग जिला पंचायतों में सीईओ पद पर पदस्थ करने के साथ-साथ आगामी उज्जैन महाकुंभ की भव्य तैयारियों को लेकर अपर मेला अधिकारी सिंहस्थ उज्जैन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी दी गई है. प्रशासनिक स्तर पर हुए इस बड़े फेरबदल से साफ संकेत हैं कि सरकार योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कसावट को लेकर एक्शन मोड में आ चुकी है.



