आज से नए मिशन पर सीएम डॉ. यादव…

भोपाल। मध्य प्रदेश में पारदर्शी प्रशासन और जन-सेवा के एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज से अपने बेहद खास मिशन जन-संवाद का आगाज करने जा रहे हैं। इस नए मॉडल के तहत मुख्यमंत्री अब सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करेंगे और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखेंगे। इस राज्यव्यापी मिशन की शुरुआत मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से हो रही है।
तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम डॉ. मोहन यादव छिंदवाड़ा की इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे एफडीडीआई ऑडिटोरियम जाएंगे। वहां स्थानीय नागरिक उनका भव्य अभिनंदन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रशासनिक और सरकारी सेवाओं की पारदर्शिता जांचने के लिए आईटीआई और लोक सेवा केंद्र का अचानक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सीएम स्व. लोकेश डेहरिया के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं भी व्यक्त करेंगे।
कलेक्ट्रेट में ऑन-द-स्पॉट निर्देश
दोपहर में मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थानीय उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और शहर की प्रतिभाशाली हस्तियों से सीधा संवाद करेंगे। दोपहर 1.25 बजे वे जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में जिले की विकास परियोजनाओं की प्रगति और आम जनता की समस्याओं की गहन समीक्षा की जाएगी तथा लापरवाह अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश जारी किए जाएंगे।
युवाओं से जुडऩे की नई पहल
परंपरागत प्रशासनिक समीक्षा के साथ-साथ सीएम डॉ. यादव इस बार एक नया डिजिटल एंगल भी जोड़ रहे हैं। समाधान कार्यक्रम के बाद वे करन होटल में क्षेत्र के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से खास मुलाकात करेंगे। इसका मकसद युवाओं और डिजिटल मीडिया के माध्यम से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। तमाम कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद दोपहर 3.00 बजे मुख्यमंत्री इमलीखेड़ा हवाई पट्टी से भोपाल के लिए वापस रवाना हो जाएंगे।



