बाल-बाल बचे पूर्व विधायक…

भोपाल। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा सडक़ हादसा टल गया। मुरैना जिले की सुमावली विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अजब सिंह कुशवाह की स्कॉर्पियो गाड़ी घाटीगांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे एक खेत में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार हवा में लहराते हुए सीधे बोनट के बल खेत में जा धंसी। गनीमत रही कि कार पलटी नहींए जिससे पूर्व विधायक समेत वाहन में सवार सभी चार लोगों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक अजब सिंह कुशवाह अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो से मुरैना से भोपाल जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी घाटीगांव के आगे पहुंची, अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। ड्राइवर ने कार को काबू करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार स्कॉर्पियो लहराते हुए हाईवे से नीचे उतर गई और सीधे खेत में जा गिरी।
बोनट के बल गिरी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद खौफनाक था। गाड़ी जिस तरह से हवा में उछली, उसे देखकर लग रहा था कि बड़ा नुकसान होगा। लेकिन सौभाग्य से गाड़ी बोनट के बल गिरी और पलटी नहीं। यदि गाड़ी पलट जाती तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल में चल रहा है इलाज
घटना की जानकारी मिलते ही घाटीगांव थाना प्रभारी पूरन शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में पूर्व विधायक और उनके साथियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।



