पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

भोपाल में भाजपा की हाई प्रोफाइल कोर बैठक, नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव और सह प्रभारी रेखा वर्मा ने संभाला मोर्चा

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव और सह प्रभारी रेखा वर्मा अपने नए दायित्व की शुरुआत के साथ ही बुधवार को राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद दोनों शीर्ष नेताओं का मध्य प्रदेश का यह पहला और बेहद महत्वपूर्ण दौरा है। कार्यालय पहुंचते ही बिप्लब देव ने सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यालय आगमन के तुरंत बाद प्रदेश भाजपा की हाई प्रोफाइल कोर कमेटी की बैठक शुरू हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल एक ही कार में सवार होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर तालमेल बिठाने को लेकर रणनीति बनाई गई।
गुफा मंदिर में हनुमानजी के दर्शन से की शुरुआत
भाजपा कार्यालय में बैठक से पहले प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव, सह प्रभारी रेखा वर्मा और भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने भोपाल के प्रसिद्ध गुफा मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान बिप्लब देव ने कहा जिस तरह हनुमानजी ने रामराज्य की स्थापना के लिए समर्पित होकर काम किया, उसी दिशा में हम भी कार्य करेंगे। हमारी प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति यानी अंत्योदय तक पहुंचना है।
सरकार और संगठन के समन्वय पर जोर
मीडिया से चर्चा करते हुए बिप्लब देव ने स्पष्ट किया कि उनका और सह प्रभारी रेखा वर्मा का मुख्य लक्ष्य मध्य प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच मजबूत समन्वय बनाना है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर नागरिक तक पहुंचाना और संगठन की मजबूती के लिए समर्पित होकर काम करना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।
वहीं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सह प्रभारी रेखा वर्मा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। संगठन को निचले स्तर और बूथों तक और अधिक सशक्त बनाने के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात का कार्यक्रम
बैठक के बाद बिप्लब देव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे पूर्व राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी के निवास स्थान आकृति गार्डन पहुंचेंगे। इसके बाद वे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के प्रोफेसर्स कॉलोनी स्थित निवास जाकर उनसे सौजन्य भेंट करेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे बूथ अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के निवास पर जाकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन भी करेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!