हॉकी के महाकुंभ के लिए सजी झीलों की नगरी, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में आज से चक दे इंडिया की गूंज

भोपाल। झीलों की नगरी भोपाल में आज गुरुवार से अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का जबरदस्त रोमांच शुरू होने जा रहा है। मध्यप्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के खिताब पर कब्जा जमाने के लिए मेजबान भारत सहित एशिया की छह दिग्गज टीमें मैदान पर पसीना बहाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 19 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत के अलावा चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें अपनी स्टिक का जादू बिखेरेंगी।
सभी टीमों ने टूर्नामेंट के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। अभ्यास सत्रों में खिलाडिय़ों का जोश और फिटनेस देखकर साफ है कि दर्शकों को मैदान पर बेहद कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
पहले दिन त्रिकोणीय रोमांच
टूर्नामेंट के आगाज के साथ ही पहले दिन हॉकी प्रेमियों को तीन धमाकेदार मुकाबले देखने को मिलेंगे। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ शाम के मुकाबले से करेगी। इस दौरान दोपहर 12.15 बजे चीन बनाम थाईलैंड, दोपहर 2.30 बजे जापान बनाम कोरिया, शाम 4.45 बजे भारत बनाम मलेशिया, शाम 6.30 बजे भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा।
भोपाल के खेल इतिहास में जुड़ेगा नया सुनहरा अध्याय
राजधानी भोपाल के लिए यह टूर्नामेंट बेहद खास और ऐतिहासिक है। यह पहला अवसर है जब भोपाल में महिलाओं का इतना बड़ा अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। हालांकि शहर का हॉकी से नाता काफी पुराना और गौरवशाली रहा है। इससे पहले साल 2009 में भोपाल ने वल्र्ड सीरीज हॉकी जैसे बड़े आयोजन की सफल मेजबानी की थी। इसके अलावा ऐतिहासिक ऐशबाग स्टेडियम कई वर्षों तक पुरुषों के प्रतिष्ठित नेशनल हॉकी टूर्नामेंट का गवाह बनता रहा है। अब महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के साथ ही भोपाल के खेल इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जुडऩे जा रहा है।



