वीसी में बोले सीएम, खाद की किल्लत हुई तो कलेक्टर होंगे जिम्मेदार

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को समत्व भवन से प्रदेश के सभी कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। त्योहारों और रबी सीजन में किसानों की जरूरतों को देखते हुए उन्होंने पूरे प्रशासनिक अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों को खाद-उर्वरक की उपलब्धता में परेशानी हुई तो इसके लिए सीधे कलेक्टर जिम्मेदार होंगे।
सीएम डॉ. यादव ने कृषि और विपणन विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में खाद की किल्लत नहीं होनी चाहिए। कृषि सचिव ने वीसी में बताया कि प्रदेश में खाद की पर्याप्त आपूर्ति है। इसके अलावा जिन 12 जिलों में सामान्य वर्षा हुई है, वहां जल्द सर्वे कराकर किसानों को राहत राशि बांटी जाएगी।
छोटे व्यापारियों को राहत
दीपावली को लेकर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाजार में फल फूल, दीये और झालर बेचने वाले छोटे दुकानदारों से तहबाजारी न वसूली जाए। हानिकारक कार्बाइड गन और प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगाने को कहा। साथ ही अफसरों से कहा कि वे त्योहार के दिन अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और गरीब बस्तियों में जाकर खुशियां बांटें।
अवैध शराब व नशे के नेटवर्क पर प्रहार
मुख्यमंत्री ने अवैध व नकली शराब और नशे के अवैध कारोबार पर चौतरफा कार्रवाई के आदेश दिए। आबकारी और पुलिस टीम समय-समय पर शराब के सैंपल लें। निर्धारित कीमत से अधिक बेचने, पैकारी व अवैध परिवहन पर गाडिय़ों की जब्ती और लाइसेंस रद्दीकरण की कार्रवाई करें।
ड्रग नेटवर्क पर शिकंजा
गांजा व अफीम की अवैध खेती, ड्रग लैब और सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कॉम्बैट टीमें सक्रिय की जाएं। स्कूल-कॉलेज और बस स्टैंड के पास निगरानी बढ़ाई जाए।
9 नवंबर को गोवर्धन पूजा का बड़ा आयोजन
सीएम ने घोषणा की कि 9 नवंबर को प्रदेशभर की गौशालाओं में गोवर्धन पूजा और गौपूजन के भव्य कार्यक्रम होंगे। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन भोपाल में होगा, जहां गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के 6 विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, डीजीपी कैलाश मकवाना, गृह व कृषि विभाग के अपर मुख्य सचिवों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।



