भाजपा की भोपाल पदयात्रा: सीहोर के नेताओं के लिए इम्तहान का दिन, अधिक से अधिक गाडिय़ां लाने का दबाव

सीहोर। राजधानी भोपाल में आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाली जा रही है। इस आयोजन के जरिए भाजपा अपनी सामाजिक और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन करने जा रही है। हालांकि इस महारैली के बहाने सीहोर जिले के भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों की साख भी दांव पर लगी हुई है। पार्टी आलाकमान की नजर इस बात पर टिकी है कि कौन सा जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र से कितनी बसें और चार-पहिया गाडिय़ां भरकर कार्यकर्ताओं को भोपाल लेकर आता है।
बता ेदं भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से लगभग 1 लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। सीहोर जो भोपाल के बिल्कुल पास स्थित है, वहां के विधायकों और क्षेत्रीय नेताओं पर अधिकतम भीड़ जुटाने का भारी दबाव है। संगठन स्तर पर हर नेता द्वारा लाई गई बसों और वाहनों की संख्या का सीधा आकलन किया जाएगा, जिससे भविष्य में उनके राजनीतिक कद का मूल्यांकन तय होगा।
जेपी नड्डा और सीएम मोहन यादव करेंगे संबोधित
टीटी नगर स्थित अटल पथ पर आयोजित सभा को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल संबोधित करेंगे। सभा के बाद अटल पथ से न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। रास्ते में डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, विभिन्न सामाजिक वर्गों और थर्ड जेंडर समुदाय के लोग स्वागत मंच लगाकर यात्रा का स्वागत करेंगे।
शहर में 1200 बसें और 2 हजार वाहन जुटेंगे
यातायात पुलिस के अनुमान के अनुसार 40 से 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान लगभग 1200 बसें और 2000 चार पहिया वाहन शहर पहुंच रहे हैं। सीहोर, रातीबड़ और नीलबड़ की ओर से आने वाली बसों को भदभदा और भारत माता चौराहा होते हुए जवाहर चौक पर सवारियां उतारने के निर्देश दिए गए हैं। इनकी पार्किंग मॉडल स्कूल परिसर में तय की गई है।
ट्रैफिक डायवर्जन और स्कूलों में अवकाश
सुबह 8 बजे से ही शहर के प्रमुख मार्ग जैसे भदभदा, जवाहर चौक, माता मंदिर, रोशनपुरा और पॉलिटेक्निक चौराहा पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। संभावित जाम और सुरक्षा को देखते हुए राजधानी के चार बड़े स्कूलों सेंट जोसेफ को-एड, सेंट जोसेफ गल्र्स, कॉर्नेल कॉन्वेंट और सेंट थॉमस ने आज की छुट्टी घोषित कर दी है।



