पुलिस बुकप्रशासनमध्यप्रदेश

वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों ने चक्काजाम कर लगाया लापरवाही का आरोप

सीहोर। शहर के वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल में शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा करते हुए सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने तथा मरीज को गलत गोली देने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

परिजनों के अनुसार मृतक अशोक को बीते 13 नवंबर को इलाज के लिए वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पिछले सात दिनों से परिवार के सदस्य लगातार अस्पताल में उनके साथ मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार शाम को खाना-पीना होने के बाद अस्पताल स्टाफ ने उन्हें अशोक से मिलने नहीं दिया और वहां से जाने के लिए कह दिया।
परिजनों का दावा है कि इसके बाद अशोक को कोई गोली दी गई, जिसके असर से उनके पूरे चेहरे पर सूजन आ गई। परिवार के लोगों ने अस्पताल कर्मचारियों पर ठीक ढंग से ड्रिप न लगाने और मनमाने तरीके से दवाइयां देने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

समय पर जानकारी नहीं देने से बढ़ी नाराजगी
परिजनों ने बताया कि वे दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल से घर गए थे। उस समय अस्पताल की ओर से शाम 4 बजे फोन कर स्थिति बताने की बात कही गई थी, लेकिन तय समय पर कोई कॉल नहीं आया। बाद में करीब 5 बजे फोन आने पर जब परिजन घर से चाय-पानी लेकर अस्पताल पहुंचे और अशोक को देने की बात कही तो स्टाफ ने यह कहकर मना कर दिया कि अस्पताल में ही सब सामान मिल जाता है।
मृतक के जीजा बृजमोहन के अनुसार अशोक की तबीयत बिगडऩे के बाद जब उन्होंने संबंधित स्टाफ से पूछा कि मरीज को वह गोली क्यों दी गई थी तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परिजनों का कहना है कि यदि मरीज की हालत नाजुक थी या उन्हें किसी बड़े अस्पताल रेफर करने की आवश्यकता थी तो प्रबंधन को समय रहते सूचित करना चाहिए था, ताकि वे आगे के उपचार की व्यवस्था कर सकते।

मौके पर पहुंची पुलिस
शुक्रवार सुबह अशोक की मौत की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर के बाहर परिजनों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने चक्काजाम कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। फिलहाल इस पूरे मामले और परिजनों के आरोपों पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, वहीं मरीज की मौत की वास्तविक वजह भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!