भोपाल सेंट्रल जेल के बंदी छात्र की हमीदिया अस्पताल में मौत
मॉर्चुरी के बाहर हंगामाय परिजन ने लगाए इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप

भोपाल। भोपाल सेंट्रल जेल में दो महीने से बंद 21 वर्षीय छात्र हर्षित राजपूत की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में हो रही देरी से नाराज परिजन ने मॉर्चुरी के बाहर जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस और जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजन का आरोप है कि हर्षित करीब दो महीने से जेल में बीमार था और बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उसे समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका।
मृतक के चाचा भरत सिंह राजपूत ने जेल की मेडिकल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही वे हर्षित से मिलने जेल गए थे, तब उसकी हालत इतनी बिगड़ी हुई थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। जब उन्होंने इलाज को लेकर पूछा तो हर्षित ने बताया कि जेल के डॉक्टर इलाज के एवज में पैसे मांगते हैं।
चाचा के मुताबिक हर्षित ने यह भी कहा था कि तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जाने के बावजूद डॉक्टर उसे यह कहकर टाल देते थे कि वह रोज ड्रामा करता है। जेल के भीतर और अधिक परेशानी झेलने के डर से वह खुलकर शिकायत करने से भी घबराता था। परिजन ने यह आरोप भी लगाया कि जब हर्षित अस्पताल में वेंटिलेटर पर था, तब भी उसके पैरों में बेडिय़ां पड़ी हुई थीं।
आवेदनों के बावजूद इलाज न मिलने का आरोप
जानकारी के अनुसार ईश्वर नगर निवासी हर्षित बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने मारपीट के एक मामले में उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था। परिजन का कहना है कि जेल में रहने के दौरान उसकी सेहत लगातार खराब हो रही थी और परिवार ने कई आवेदन देकर उसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया।
परिवार के पड़ोसी और करणी सेना के संभाग अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि परिवार के आवेदनों के बावजूद जेल प्रशासन ने अदालत को यह जानकारी दी कि हर्षित की तबीयत ठीक है। उनके अनुसार हर्षित निमोनिया से ग्रसित था। जब हालत ज्यादा गंभीर हो गई तब बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात उसने दम तोड़ दिया।
मॉर्चुरी के बाहर प्रदर्शन, न्यायिक जांच की प्रक्रिया
शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया में देरी होने पर परिजन का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मॉर्चुरी परिसर के बाहर विरोध जताया। परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन अपनी संभावित लापरवाही को छुपाने के लिए प्रक्रिया को लंबा खींच रहा है। सुरेंद्र सिंह चौहान और राजपूत समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे शव रखकर प्रदर्शन करेंगे।
हर्षित के परिवार में माता-पिता के साथ एक भाई और एक बहन हैं। उसके पिता गोदाम में काम करते हैं और जवान बेटे की असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चूंकि मौत न्यायिक हिरासत में हुई है, इसलिए यह कस्टोडियल डेथ का मामला है और नियमानुसार इसकी न्यायिक जांच कराई जाएगी।



