तिरंगे को सलामी के बाद दिग्विजय की पदयात्रा शुरू

भोपाल। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में गुरुवार सुबह सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 26वें दिन की पदयात्रा का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। राजघाट बांध चौराहे से शुरू हुई इस पदयात्रा से पहले धार्मिक और देशभक्ति से जुड़े कई आयोजन हुए। यात्रा आयोजकों के अनुसार यह अभियान लोकतांत्रिक मूल्यों और धार्मिक आस्थाओं से जुड़े विश्वास की रक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
पदयात्रा शुरू करने से पूर्व राजघाट बांध चौराहे पर धर्मरथ में स्थापित पवित्र नदियों के जल से सुशोभित कलशों, रथ में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार और पार्थिव शिवलिंग का विधि-विधान से पूजन-अर्चन, अभिषेक एवं आरती की गई। इसके बाद राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर ससम्मान सलामी दी गई और पदयात्रा आगे बढ़ी।
जनता का वोट और श्रद्धालुओं की आस्था दोनों की रक्षा जरूरी
यात्रा के दौरान आयोजकों ने कहा कि लोकतंत्र में नागरिक का हर एक वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जबकि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया हर एक रुपया उनकी श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दोनों की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।
यात्रा की प्रमुख मांगें
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई: वोट चोरी और प्रभु श्रीराम के नाम पर चंदा चोरी से जुड़े कथित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर सजा दिलाने की मांग की गई है।
मतपत्र से चुनाव की मांग: यात्रा में यह मांग भी प्रमुखता से रखी गई कि आगामी चुनाव ईवीएम के बजाय मतपत्र के माध्यम से कराए जाएं।
दान-चढ़ावे में पारदर्शिता: धार्मिक स्थलों में प्राप्त होने वाले दान और चढ़ावे के प्रबंधन की पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया है।



