पुलिस बुकमध्यप्रदेश

चलती कार में बैंककर्मी को आया अटैक, बेकाबू गाड़ी ने 6 वाहनों को रौंदा, मची अफरा तफरी

भोपाल। ग्वालियर शहर के व्यस्ततम सिटी सेंटर इलाके में सोमवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब चलती कार में एक बैंककर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ड्राइविंग सीट पर बैठे-बैठे ही उन्हें अटैक आ गया, जिसके बाद कार पूरी तरह अनियंत्रित हो गई। बेकाबू कार ने सडक़ पर चल रहे करीब आधा दर्जन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस सिलसिलेवार टक्कर में एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए, जबकि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
यह सनसनीखेज घटना यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर इलाके की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक सडक़ पर बने एक ब्रेकर से कार उछली और पास से गुजर रहे एक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन चालक सडक़ पर जा गिरा और उसके हाथ में चोट आई।
इससे पहले कि राहगीर कुछ समझ पाते बेकाबू कार मुड़ी और आगे बढ़ते हुए सडक़ पर चल रही अन्य गाडिय़ों को भी एक के बाद एक टक्कर मारती चली गई। देखते ही देखते सडक़ पर करीब 6 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और चारों तरफ चीख-पुकार व अफरा तफरी का माहौल बन गया।
ड्राइविंग सीट पर बेसुध नजर आए बैंककर्मी
हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने जब कार के भीतर झांका तो चालक बेहोशी की हालत में नजर आ रहा था। कार चला रहे व्यक्ति की पहचान गिर्राज बघेल के रूप में हुई है्र जो सिटी सेंटर स्थित यूनियन बैंक की शाखा में कार्यरत हैं।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में बैंककर्मी गिर्राज बघेल को इलाज के लिए चिरायु अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
महिला को आई ज्यादा चोट
इस हादसे में सडक़ पर चल रही एक महिला भी कार की चपेट में आकर घायल हो गई। चश्मदीदों के अनुसार अन्य घायलों की तुलना में महिला को ज्यादा चोटें आई हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भीषण घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई अत्यधिक गंभीर रूप से घायल हुआ।
सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर कुछ देर के लिए प्रभावित हुए यातायात को सुचारू कराया। आशंका जताई जा रही है कि अचानक अटैक आने के कारण बैंककर्मी गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठे थे, हालांकि अटैक किस तरह का था और हादसे की सटीक वजह क्या रही, इसका खुलासा मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!