लोक आस्था के महापर्व छठ का भव्य समापन, उगते सूर्य को अघ्र्य देकर व्रतियों ने खोला 36 घंटे का निर्जला व्रत

भोपाल। लोक आस्था, अटूट विश्वास और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अघ्र्य देने के साथ ही श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। राजधानी भोपाल के प्रसिद्ध शीतलदास की बगिया, कमला पार्क और शहर के अन्य विभिन्न छठ घाटों पर तडक़े से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा था। जल राशि के बीच खड़े होकर व्रतियों ने सूर्य भगवान और माता छठी मैया की आराधना की।
सोमवार की भोर से ही छठ घाटों का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। व्रतियों ने पानी में खड़े होकर उदित होते सूर्य देव को जल और गाय के कच्चे दूध का अघ्र्य अर्पित किया। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का कठिन और निर्जला उपवास भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सूर्य उपासना के बाद व्रतियों ने पारण कर प्रसाद ग्रहण किया और अपने पूरे परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की। इस दौरान घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।
ठेकुआ और ऋतु फलों से सजे सूप
महापर्व के अंतिम दिन व्रतियों ने बांस से बने सूप में ठेकुआ महाप्रसाद, केला, नारियल, विभिन्न ऋतु फल, अक्षत और अन्य पूजन सामग्री बेहद कलात्मक तरीके से सजाई थी। जैसे ही आसमान में सूर्य की पहली किरण बिखरीए घाटों पर अघ्र्य देने का सिलसिला तेजी से शुरू हो गया। पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने आपस में और परिजनों को प्रसाद वितरित किया।
नहाय-खाय से शुरू हुआ था अनुष्ठान
आस्था के इस चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। इसके अगले दिन यानी 14 नवंबर को खरना के पावन अवसर पर व्रतियों ने शाम को खीर और गेहूं की रोटी का प्रसाद ग्रहण किया था। इसके बाद से ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत आरंभ हो गया था। श्रृंखला के तीसरे दिन 15 नवंबर को डाला छठ पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी ‘डूबते’ सूर्य को पहला अघ्र्य दिया था और सोमवार को उगते सूर्य की वंदना के साथ इस महान अनुष्ठान का समापन हुआ।



