पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

सीएम मोहन यादव ने रचा इतिहास, सुंदरलाल पटवा का 33 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ बने सबसे लंबे समय तक टिकने वाले सीएम

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक नया और ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। आगामी 13 दिसंबर को डॉ. यादव को बतौर मुख्यमंत्री पूरे तीन साल हो रहे हैं। इन तीन सालों में भले ही उनके सामने कई अंदरूनी और बाहरी राजनीतिक चुनौतियां आईं, लेकिन उन्होंने अपनी कार्यशैली से सूबे की सियासत में एक लंबी लकीर खींच दी है। वे विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने वाले गैर-कांग्रेस मुख्यमंत्रियों की सूची में सबसे लंबे समय तक निरंतर पद पर बने रहने वाले नेता बन गए हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के 33 साल पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
राजनीतिक इतिहास के पन्नों को पलटें तो इससे पहले यह रिकॉर्ड भाजपा के दिवंगत नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के नाम दर्ज था। सुंदरलाल पटवा ने 5 मार्च 1990 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और वे 15 दिसंबर 1992 तक इस पद पर रहे थे। उनका यह निरंतर कार्यकाल 2 साल 9 महीने और 10 दिन का था, जो 1990 के विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद बनी सरकार का हिस्सा था।
वहीं डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और तब से वे लगातार इस कुर्सी पर डटे हुए हैं। इस प्रकार वे चुनाव के तुरंत बाद सीएम बनने वाले गैर-कांग्रेसी नेताओं में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं।
2023 के महासमर के बाद मिला था ताज
साल 2023 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 163 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इसके बाद पार्टी ने बड़ा फेरबदल करते हुए 13 दिसंबर 2023 को डॉ. मोहन यादव के हाथों में प्रदेश की कमान सौंपी। तब से लेकर अब तक विधानसभा सचिवालय के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार वे चुनाव के तुरंत बाद कमान संभालने वाले भाजपा नेताओं में सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।
आंतरिक और बाहरी सियासी उठापटक के बीच तीन साल का यह सफर इस बात की गवाही देता है कि डॉ. यादव ने अपनी राजनीतिक सूझबूझ से न केवल संगठन और सरकार में तालमेल बिठाया, बल्कि अपने नाम एक नया मील का पत्थर भी स्थापित कर लिया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!