पॉलिटिकल तड़काप्रशासनमध्यप्रदेश

बारह खंबा मेले को लेकर अलर्ट हुआ जिला प्रशासन, कलेक्टर ने ली बैठक, दिए निर्देश

सीहोर। इछावर तहसील के ग्राम देवपुरा में दीपावली के दूसरे दिन आयोजित होने वाला बारह खंबा मेला क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। मेले में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर बालागुरू के. ने मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में लगाए जाने वाले झूलों की मजबूती एवं सुरक्षा की जांच आयोजन से पहले अनिवार्य रूप से कराई जाए, ताकि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका न रहे। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने, मेला क्षेत्र में साफ सफाई रखने तथा श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों के साथ ग्राम देवपुरा स्थित बारह खंबा मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
कलेक्टर ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिएए ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने भी सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम स्वाती मिश्रा, तहसीलदार गजेन्द्र लोधी एवं जनपद सीईओ रूसाली पोरस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने पटाखा बाजार का किया निरीक्षण
कलेक्टर बालागुरू के., एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम स्वाती मिश्रा ने पटाखा बाजार के लिये निर्धारित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने पटाखा दुकानों के आवंटन, दुकानों के बीच निर्धारित दूरीए अग्नि सुरक्षा के इंतजाम तथा सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिये। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बाजार में की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। कलेक्टर बालागुरू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पटाखा बाजार में सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। दुकानों पर अग्निशमन यंत्र एवं रेत-पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए तथा निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों का विक्रय हो। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सतत निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!