भोपाल के अटल पथ पर उमड़ा जनसैलाब, जेपी नड्डा और सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भोपाल। राजधानी भोपाल में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ विशाल पदयात्रा के दौरान भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। पदयात्रा की शुरुआत से पहले अटल पथ जवाहर चौक पर आयोजित मुख्य सभा के मंच पर भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह पदयात्रा अटल पथ से जनसभा के बाद रोशनपुरा चौराहे तक निकाली जा रही है।
इस भव्य आयोजन के लिए भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से करीब एक लाख लोगों के पहुुंचे का दावा भाजपा द्वारा किया गया है, वहीं ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सभा स्थल पर 40 से 50 हजार लोगों की उपस्थिति का अनुमान जताया गया है।
तीन तलाक वाले बैनर लेने से इनकार
पदयात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी देखने को मिली। रैली में थर्ड जेंडर समुदाय के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके साथ ही मुस्लिम महिलाओं की भी उल्लेखनीय मौजूदगी रही। हालांकि सभा के दौरान एक दिलचस्प स्थिति तब निर्मित हुई जब सभा स्थल पर पहुंची मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक लिखे हुए बैनर दिए जा रहे थे। महिलाओं ने इन बैनरों को लेने से स्पष्ट इनकार कर दिया, जिसके बाद आयोजकों को उन बैनरों को एक तरफ रखना पड़ा।
मंच से कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखे प्रहार
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस अब भली-भांति समझ चुकी है कि देश की जनता उसे कभी सत्ता में वापस नहीं आने देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन मिलकर देश को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि न्यायपालिका के फैसलों की धज्जियां उड़ाने वाले लोग ही आज लोकतंत्र और संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं, जो उनकी बौखलाहट को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी की कार्यशैली पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी की राजनीति केवल आरोप लगाओ और भाग जाओ की नीति पर आधारित है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र चुनावों में गड़बड़ी के अनर्गल आरोप लगाए गए, लेकिन राहुल गांधी आज तक कोई सबूत नहीं पेश कर पाए। यही हाल कर्नाटक का रहा, जहां आरोप लगाने के 477 दिन बाद भी कोई जवाब नहीं दिया गया। खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के सहयोग से भारत की व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का काम कर रही है।



